मथुरा: गोरखपुर की घटना के बाद श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश, आईजी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
आईजी नचिकेता झा ने सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान और ईदगाह की सुरक्षा का जायजा लिया। मंगलवार को एडीजी सुरक्षा स्थायी सुरक्षा समिति की बैठक लेंगे। वह शाम को ही मथुरा पहुंच चुके हैं।
विस्तार
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) आगरा जोन नचिकेता झा ने सोमवार को मथुरा के अति संवेदनशील श्रीकृष्ण जन्मस्थान और ईदगाह की सुरक्षा का जायजा लिया। सुरक्षा में थोड़ी बहुत खामियां मिलने पर तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए। साथ ही दोनों धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा ड्यूटी की भी जानकारी ली।
आईजी ने गोविंदनगर गेट से श्रीकृष्ण जन्मस्थान से प्रवेश किया। फिर यहां पर केशवेदव, गर्भगृह, भागवत भवन, आवासीय गेट, मुख्यद्वार, पार्किंग का निरीक्षण किया। इन स्थलों पर मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों से पूरी जानकारी की और उनकी समस्या भी जानी। इसके बाद आईजी ने ईदगाह की सुरक्षा का भी परखा।
सुरक्षाकर्मियों को दिए सतर्क रहने के निर्देश
दोनों धार्मिक स्थलों की सुरक्षा परखने के बाद सजग और सतर्क रहने के निर्देश दिए। सुरक्षाकर्मियों को होने वाली कोई भी परेशान तत्काल बताने के लिए कहा। करीब दो घंटे तक दोनों धार्मिक स्थलों की बारीकी से सुरक्षा परखने के बाद ड्यूटियों की भी जानकारी आईजी ने ली।
एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बताया कि स्थायी सुरक्षा समिति की बैठक मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर होगी। इसके लिए एडीजी सुरक्षा विनोद कुमार सिंह मथुरा पहुंच चुके हैं। एडीजी सुरक्षा का जायजा लेने के बाद बैठक लेंगे। निरीक्षण में सीआरपीएफ के कमांडेंट (द्वितीय) विशाल सिंह, एसपी सुरक्षा आनंद कुमार, सीओ केजेएस राममोहन शर्मा के अलावा सुरक्षा के अधिकारी मौजूद रहे।