आगरा: आवंटन से पहले खंडहर हुए गरीबों के घर, ठेकेदार पर केस दर्ज करने के आदेश
आगरा में बेसिक सर्विसेज फॉर अर्बन पूअर (बीएसयूपी) के तहत नरायच में बने 3600 से अधिक पक्के मकान आवंटन से पहले ही खंडहर हो गए। बुधवार को मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने आवास निर्माण करने वाले ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर और फर्म को काली सूची में डालने के निर्देश दिए हैं।
आगरा में जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन (जेएनएनयूआरएम) के तहत 2009 से 2012 के बीच बने नरायच में आवास बनाए थे। पिछले आठ साल में किसी को यहां आवास नहीं मिला। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) के उपाध्यक्ष ने बुधवार को मंडलायुक्त अमित गुप्ता के सामने जांच रिपोर्ट रखी तो उन्होंने ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही पार्कों के सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाने और न्यायालय में लंबित मामलों की पैरवी के निर्देश दिए हैं।
लापरवाह अफसरों से डीएम मांगे स्पष्टीकरण
मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने 50 करोड़ की लागत वाली परियोजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद व मैनपुरी डीएम को दिए हैं। उन्होंने लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने और फिर स्वयं निरीक्षण करने की बात कही। साथ ही सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता से नहरों की सिल्ट सफाई की प्रगति पूछी। जहां सिल्ट सफाई नहीं हुई उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।
कुपोषित बच्चों के परिजनों को मिलेगा गोवंश
गोवंश सरंक्षण की समीक्षा करते हुए मंडलायुकत ने कहा गोवंश के लिए व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाए। कुपोषित बच्चों के परिजनों को गोवंश गोद दिया जाए। ताकि उनके बच्चों को दूध मिल सके और गोवंश का पालन हो सके। इसके लिए उन्होंने प्रत्येक अधिकारी लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं।
विद्यालयों में लगे स्वास्थ्य कैंप
विद्यालय खुलने के बाद छात्रों के स्वास्थ्य की जांच के लिए विद्यालयों में कैंप लगाने के निर्देश अपर स्वास्थ्य निदेशक को दिए हैं। मंडलायुक्त ने कहा सरकारी व निजी विद्यालयों में शत प्रति बच्चों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए।
टीकाकरण दर बढ़ाने के निर्देश
कोविड टीकाकरण की दर नहीं बढ़ने से नाराज मंडलायुक्त ने सभी सीएमओ को प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा लोगों को जागरुक किया जाए। स्वास्थ्य विभाग इसके लिए कदम उठाए।