Agra: मॉर्निंग वॉक पर निकले चार लोगों को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, नाबालिग चला रहा था कार, दो की मौत
बिचपुरी के अमरपुरा मार्ग पर आज सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले चार लोगों को कार ने रौंद दिया। बताया गया कि कार काफी तेजी से चल रही थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में बिचपुरी मार्ग पर रविवार सुबह साढ़े छह बजे टहलने निकले चार लोगों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो का इलाज चल रहा है। कार नाबालिग छात्र चला रहा था। उसके दो दोस्त भी कार में थे। पहले कार की टक्कर एक व्यक्ति को लगी। हादसे के बाद कार भगाने के चक्कर में तीन और लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद लोगों ने कार को रोक आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि अमरपुरा निवासी 45 वर्षीय पप्पू लोधी डीजे का काम करते थे। वह रोजाना की तरह रविवार सुबह टहलने निकले थे। मोहल्ले के ही कैलाशी, सचिन और शंकरलाल भी उनके साथ थे। चारों बिचपुरी मार्ग पर एक खोखे के पास खड़े थे।
बोदला की तरफ से आई थी कार
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि बोदला की तरफ से फिएट कार आई। उसने पहले पप्पू लोधी को टक्कर मारी। वह उछलकर दूर जा गिरे। इसके बावजूद चालक ने कार को नहीं रोका। कार भगाने के दौरान कैलाशी, सचिन और शंकरलाल को भी टक्कर मार दी। पप्पू लोधी की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद जुटे लोगों ने कार में चालक सहित तीन नाबालिगों को पकड़ पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने तीनों घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां शंकर लाल ने रविवार शाम को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जुट गई लोगों की भीड़
हादसे की जानकारी पर बड़ी संख्या में लोग आ गए और रोष जताया। हंगामे की सूचना पर थाने की फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझाया, कार्रवाई का आश्वासन दिया, इस पर लोग मान गए और घर चले गए। पुलिस ने आरोपी चालक सहित अन्य को थाने भेजा।
दो दोस्तों के साथ निकला था छात्र
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया मृतक पप्पू लोधी के परिजनों की तरफ से तहरीर दी गई। इस पर हादसे का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। गाड़ी शाहगंज क्षेत्र का 11वीं का 17 वर्षीय छात्र चला रहा था। उसने पूछताछ में बताया कि उसके पिता ठेकेदार हैं। वह अपने दो दोस्तों के साथ घर से निकला था। वे अपने अन्य दोस्त के पास जा रहे थे। बिचपुरी मार्ग पर अचानक एक ऑटो सामने आ गया। उसे बचाने का प्रयास किया। कार सड़क किनारे खड़ी बाइक में घुस गई। बाइक सीधे एक राहगीर से टकरा गई। छात्र के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। मुकदमा हादसे की धारा में लिखा है। मगर, अब गैर इरादतन हत्या की धारा की वृद्धि की जाएगी।