कार में बैठकर मोबाइल एप से सट्टा लगाते पांच युवक गिरफ्तार, एक लाख रुपये बरामद
आगरा की थाना सदर पुलिस ने गुरुवार को आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते हुए पांच सटोरियों को गिरफ्तार किया है। वे कार में बैठकर मोबाइल एप की मदद से सट्टा लगा रहे थे। उनके पास से सात मोबाइल और एक लाख रुपए बरामद किए गए हैं।
थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार को नामनेर स्थित तोपखाना चौराहे पर एक कार में आईपीएल सट्टा लगाने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की गई। पांच आरोपियों को पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपी जगनेर निवासी राजेश, धनंजय, जगदीश, मदन मोहन और सेवला जाट निवासी अनूप शर्मा हैं।
उनके पास से सात मोबाइल और एक लाख बरामद किए गए हैं। आरोपी मोबाइल से आईपीएल मैचों पर सट्टा लगा रहे थे। ग्राहक उनसे कॉल करके संपर्क कर रहे थे। सरगना भाव बता रहे थे। आरोपियों का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि जगदीश सरगना है। बाकी उसके सहयोगी हैं। आरोपी बड़े सटोरिए दिगनेर के अंकुश, संदीप और सुनील झाला के संपर्क में थे, जो भी कमाई होती है। यह आपस में बांट लेते हैं। मुकदमे में फरार आरोपी सटोरियों को भी वांछित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
एप की मदद से ट्रेस हो रहे आरोपी
थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि मोबाइल एप से सट्टा लगाने का चलन बढ़ता जा रहा है। मोबाइल पर कुछ एप डाउनलोड कर लिए जाते हैं। यह प्ले स्टोर में मिलते हैं। इसके बाद सट्टा लगाया जा रहा है। अब पुलिस एप की मदद से ही आरोपियों को ट्रेस कर रही हैं।