फिरोजाबाद में बड़ी कार्रवाई: अवैध खनन कराने के आरोप में कोटला पुलिस चौकी का पूरा स्टाफ लाइन हाजिर
जिले में अवैध खनन के मामले में पुलिस पर आरोप लंबे समय से लगते रहे हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने से बचती रही। अब एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई की है।
विस्तार
फिरोजाबाद में मिट्टी का अवैध खनन कराने के आरोप में सोमवार को नारखी थाने की कोटला पुलिस चौकी के सभी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस संरक्षण में पिछले कई दिनों से एसएसपी को नारखी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें मिल रहीं थीं। इसके बाद यह कार्रवाई की गई।
क्षेत्रीय लोगों ने शिकायत की थी कि कोटला चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार पुलिसकर्मियों के साथ कोटला में बालू और मिट्टी का अवैध खनन करा रहे हैं। पूरे मामले की एसएसपी ने गोपनीय जांच कराई। इसमें शिकायतकर्ता की शिकायत सही पाई गईं । इसके बाद एसएसपी आशीष तिवारी ने सोमवार को कोटला चौकी प्रभारी एसआई नरेंद्र कुमार, हेडकांस्टेबल अनार सिंह, कांस्टेबल विनोद और सुखदेव को निलंबित कर दिया। अब बॉबी कुमार को कोटला का नया चौकी प्रभारी बनाया गया है।
पुलिसकर्मियों ने नहीं की थी खनन माफिया पर कार्रवाई
मिट्टी और बालू खनन के मामले में पुलिस पर आरोप लंबे समय से लगते रहे हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने से बचती रही। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर खनन माफिया के हौसले बुलंद है। सर्वाधिक खनन की बात की जाए तो नगला सिंघी, लाइनपार और बसईमोहम्मदपुर व मटसेना थाना क्षेत्र में होता है।
अवैध खनन में जा चुकी है एक की जान
करीब 10 वर्ष पूर्व खनन की पर्ची को लेकर बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में दो खनन माफिया आमने-सामने आ गए थे। दोनों तरफ से फायरिंग के दौरान एक युवक की गोली लगने से मौत भी हुई थी। इसके बाद भी बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में अवैध रुप से हो रहे खनन का काम नहीं रुक सका। लाइन पार थाना क्षेत्र में रुपसपुर फाटक के समीप बालू का ट्रैक्टर रोकने के प्रयास के दौरान खनन माफिया द्वारा सिपाही पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया गया था। जिसका मुकदमा सिपाही की तहरीर पर लाइनपार थाने में दर्ज किया गया था।
खनन माफिया पर होगी कार्रवाई
एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र ने कहा कि अब अवैध खनन करने वालों के खिलाफ जिले में अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए थानेदारों को निर्देश दे दिए हैं। अब किसी हाल में बालू और मिट्टी का अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। जो लोग अवैध खनन करते हुए पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी