Agra News: पीआरडी जवान की आत्महत्या के मामले में बाबू और अधिकारी फंसे, मुकदमा दर्ज
पीआरडी जवान के बेटे ने थाना अछनेरा में मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें वेतन नहीं देने और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
आगरा के अछनेरा में प्रांतीय रक्षा दल (पीआरडी) में तैनात जवान कुंवरपाल सिहं की आत्महत्या के मामले में बिजली विभाग के अधिकारी और बाबू फंस गए हैं। मृतक के बेटे ने थाना अछनेरा में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि विवेचना की जा रही है। साक्ष्य संकलन करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
गांव मांगरौल जाट निवासी कुंवरपाल सिंह की तैनाती अछनेरा स्थित विद्युत उपकेंद्र में थी। रविवार रात को उन्होंने ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी की थी। शव रेलवे लाइन पर पड़ा मिला था। पर्स में एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें उन्होंने ड्यूटी भत्ता न मिलने से परेशान होकर ट्रेन से कटकर जान देने के बारे में लिखा था। साथ ही उन्होंने बाबू प्रेम प्रताप और अधिकारी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
बेटे ने लगाया यह आरोप
जवान के बेटे अनिल कुमार ने मंगलवार को थाना अछनेरा में तहरीर दी। इसमें विभागीय अधिकारी प्रेम प्रताप पर ड्यूटी लगाने के एवज में रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पांच महीने से वेतन नहीं मिला था। वो बाबुओं से लेकर अधिकारियों के चक्कर काट चुके थे। पिता का मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था। पिता ने यह बात घर में भी बताई थी। इससे परेशान होकर ही पिता ने ट्रेन से कटकर जान दे दी।
थानाध्यक्ष अनुराग शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है। साक्ष्य संकलन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबर- Agra: आगरा में पीआरडी जवान ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- अधिकारियों से उत्पीड़न का दर्द