आगरा विश्वविद्यालय: बिना प्रवेश पत्र की परीक्षा, रोल नंबर के आधार पर बैठाए गए विद्यार्थी
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं 30 अप्रैल से शुरू हो गईं। पहले दिन तीन पाली में 289 केंद्रों पर परीक्षा हुई। 11,154 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं आज से शुरू हुईं। इस दौरान विद्यार्थी बिना प्रवेश पत्र के परेशान रहे। परीक्षा शुरू होने से चंद मिनट पहले ज्यादातर केंद्रों पर परीक्षार्थियों को प्रवेशपत्र दिए गए। शुक्रवार को कॉलेजों की लॉगइन आईडी में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रवेशपत्र डाले गए थे। परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन उन परीक्षार्थियों को रोल नंबर से बैठा लिया गया, जिनको किसी कारण से प्रवेशपत्र नहीं मिल पाया। करीब 20 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के आवंटन में बदलाव किया गया है। प्रवेशपत्र देर से मिलने से परीक्षार्थियों को परेशान होना पड़ा। परीक्षार्थी को कॉलेज से बताया गया था कि जिस केंद्र पर सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं, उन्हीं पर ही मुख्य परीक्षा होगी। केंद्र बदलने की जानकारी परीक्षार्थियों को प्रवेशपत्र मिलने के बाद हुई।
परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव ने बताया कि पहले दिन परीक्षार्थियों की संख्या कम रही, परीक्षा शांति से संपन्न हुई, समस्या नहीं आई। पहली पाली सुबह 08:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली पूर्वाह्न 11:30 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक और तीसरी पाली अपराह्न 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक हुई। मुख्य परीक्षा में स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष के 2,68,197 और परास्नातक प्रथम व द्वितीय वर्ष के 36,415 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षाएं 18 जून तक परीक्षाएं चलेंगी।
50 फीसदी परीक्षा केंद्र भी कंट्रोल रूम से जुड़े नहीं
विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा के पहले दिन 289 में से 50 फीसदी केंद्र भी सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से कंट्रोल रूम से नहीं जुड़ पाए हैं। केंद्रों की निगरानी नहीं हो पा रही है। शासनादेश का उल्लंघन किया जा रहा है। सौ फीसदी केंद्रों की सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी की जानी है। मुख्य परीक्षा के लिए 410 केंद्र बने हैं। आगरा मंडल के 256 केंद्रों में से 144 केंद्रों ने गूगल फार्म तक नहीं भरा है। महज 72 केंद्रों ने सही डाटा दिया है। अलीगढ़ मंडल के 70 केंद्र कंट्रोल रूम से जुड़े नहीं हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव का कहना है कि जो परीक्षा केंद्र कंट्रोल रूम से नहीं जुड़े हैं, उनको एक बार नोटिस दिया चुका है, कंट्रोल रूम की रिपोर्ट के आधार पर फिर नोटिस जारी किया जाएगा।
दो उड़नदस्ते निरीक्षण के लिए निकले
उड़नदस्ता प्रभारी प्रो. संजय चौधरी ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा में दो उड़नदस्ते केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए निकले। उड़नदस्तों ने किसी केंद्र की नकारात्मक रिपोर्ट नहीं दी।