आगरा: डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि ने परीक्षा फॉर्म भरने की आखिरी तारीख बढ़ाई
सेमेस्टर व मुख्य परीक्षा के फॉर्म भरने की 15 मार्च आखिरी तारीख थी। अब इसे बढ़ाकर 21 मार्च कर दिया गया है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर छात्र-छात्राएं खुद या फिर संबंधित कॉलेज के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र 2021-22 की मुख्य परीक्षा और बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने जाने की आखिरी तारीख बढ़ा दी है। अब 21 मार्च तक परीक्षा फॉर्म भरे जा सकते हैं। इससे पहले 15 मार्च आखिरी तारीख निर्धारित की गई थी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव की ओर से परीक्षा फॉर्म भरे जाने की तारीख बढ़ाए जाने की सूचना जारी कर दी गई है। मुख्य परीक्षा में स्नातक स्तर पर बीए, बीकॉम के द्वितीय व तृतीय वर्ष के संस्थागत एवं व्यक्तिगत छात्र-छात्राएं, बीएससी व बीकॉम वोकेशनल के द्वितीय व तृतीय वर्ष के संस्थागत छात्र-छात्राएं परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।
वहीं, परास्नातक स्तर पर एमए व एमकॉम प्रथम व द्वितीय वर्ष के संस्थागत और व्यक्तिगत छात्र-छात्राएं, एमएससी प्रथम व द्वितीय वर्ष के संस्थागत छात्र-छात्राएं फॉर्म भर सकते हैं। इनके साथ भूतपूर्व छात्र-छात्राओं के परीक्षा फॉर्म भी भरे जा सकते हैं। परीक्षा नियंत्रक के मुताबिक राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत होने वाली सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को भी मौका दिया गया है।
परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.dbrau.org.in पर जाकर छात्र-छात्राएं खुद या फिर संबंधित कॉलेज के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
डिग्री निकलवाने के लिए रुपये लेने का आरोप
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के डिग्री विभाग में कार्यरत एक स्टाफ पर बीए के विद्यार्थी ने डिग्री निकलवाने के नाम पर रुपये लेने का आरोप लगाया है। छात्र ने प्रभारी कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक से शिकायत की है कि उसने कर्मचारी को पहले 3500 रुपये नकद दिए और बाद में 1500 फोन-पे के माध्यम से भेजे। 500 रुपये और मांगे जा रहे हैं। काम नहीं किया जा रहा है। जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर का कहना है कि शिकायत की जांच कराई जा रही है।
उमंग में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
आरबीएस डिग्री कॉलेज के वार्षिक खेलकूद का मंगलवार को रंगारंग आगाज हुआ। कॉलेज के खेल मैदान में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने मार्चपास्ट किया। उद्घाटन मुख्य अतिथि आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुराग शुक्ल ने किया। अध्यक्षता मेजबान कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विजय श्रीवास्तव ने किया। शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रमुख डॉ. डीके सिंह ने प्रतियोगिताओं के संबंध में जानकारी दी। पहले दिन छात्र-छात्राओं की 100, 200, 400 और 1500 मीटर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक की प्रतियोगिताएं हुईं।