Kasganj: गंगा दशहरा पर हरि की पौड़ी व लहरा घाट पर श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, जगह-जगह चलाए गए अन्न क्षेत्र
सोरोंजी पर गंगा दशहरा पर हरि की पौड़ी व लहरा घाट पर श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। जगह-जगह अन्न क्षेत्र चलाए गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के कासगंज में रविवार को गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सोरोंजी में मां गंगा के अवतरण दिवस (गंगा दशहरा पर्व) पर हरि की पौड़ी व लहरा के गंगा घाट पूरे दिन मां गंगा के जयकारों से गूंजते रहे। घाटों पर जगह-जगह मां गंगा का दुग्धाभिषेक, अर्चन, पैरावनी, आरती के कार्यक्रम चलते रहे। स्नानार्थियों को भीषण गर्मी में समाजसेवियों ने शीतल शर्बत वितरित किया।
स्नान पर्व की पूर्व संध्या पर तीर्थनगरी पहुंचे। श्रद्धालु सपरिवार गंगा स्नान के लिए ब्रह्म मुहूर्त में ही गंगा घाटों पर पहुंच गए। हर-हर गंगे के जयकारे लगाते हुए गंगा के पवित्र जल में स्नान के बाद श्रद्धालुओ ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया। गंगा माता मंदिर में पहुंचकर माता रानी को फल व मिष्ठान अर्पित कर अपनी खुशहाली की कामना की।
इसके बाद श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी की परिक्रमा कर परिक्रमा मार्ग में बैठे सन्यासियों व गरीबों को फल व शर्बत बांटा, श्रद्धालुओं ने क्षेत्राधीश वराह मंदिर में जाकर दर्शन किए चढ़ावा चढ़ाया। गंगा माता, रघुनाथ जी, द्वारिकाधीश, बालाजी दरबार, सोमेश्वर, सिद्ध विनायक, सिद्ध हनुमान, मनकामेश्वर, पंच महाशक्ति, 84 घंटे वाली मां, मानस मंदिर, शनिदेव, परशुराम मंदिर, श्याम वराह आदि में देव-दर्शन का पुण्य लाभ उठाया।
करुआदेव पर बच्चों का मुंडन कराया
गंगा दशहरा पर करुआदेव की जात करने की प्राचीन परंपरा का श्रद्धालुओं ने निर्वाह किया। करुआदेव पहुंचकर श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। बूढ़ी गंगा में स्नान कर करुआदेव की पूजा अर्चना की।
जगह-जगह चलाए गए अन्न क्षेत्र
श्रद्धालु योगमार्ग स्थित अपने गुरुओं के आश्रम पहुंचे। वहां गुरुओं के चरणों मे शीश नवाकर उन्हें फल, वस्त्र, मिष्ठान आदि का दान कर आश्रमों में मौजूद सन्त महात्माओं के लिए अन्न क्षेत्र चलाया, महेश दयानंद सोहम आश्रम, स्वामी अमृतानंद, टाटिया बाबा आश्रम, भूदत्त आश्रम, बंशी वाले बाबा आश्रम आदि में अन्न क्षेत्र चलाए गए।