आगरा। चित्रकूट स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय जूनियर बालक मुक्केबाजी प्रतियोगिता में आगरा मंडल के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में आगरा मंडल ने कुल 7 पदक जीते, जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं।
बॉक्सिंग कोच गौरव ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में आगरा मंडल के 13 मुक्केबाजों ने रिंग में अपना दमखम दिखाया। 52 किलोग्राम भार वर्ग में देवांश यादव ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं 48 किलोग्राम भार वर्ग में दिव्यांश आर्या और 75 किलोग्राम भार वर्ग में हर्ष श्रोती ने कड़े मुकाबले में रजत पदक और युवराज यादव ने 54 किग्रा, अभय प्रताप सिंह ने 57 किग्रा, निश्चय राजपूत ने 63 किग्रा व लक्ष्मण ने 80 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है। उन्होंने बताया कि लोकेश धनगर ने 46 किग्रा, हर्ष यादव ने 50 किग्रा, रतनदीप सिंह ने 60 किग्रा, फराज अली ने 66 किग्रा, अक्षय सोलंकी ने 70 किग्रा और राजदीप ने 80 किग्रा ने शानदार खेल दिखाते हुए क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया। आगरा मंडल से विपिन कुमार शाक्य एवं हर्षित मिश्रा ने प्रतियोगिता में रेफरी और जज की भूमिका निभाई। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष पृथ्वी राज सिंह, सचिव ब्रजेश कुमार मीणा, माता प्रसाद, राजेश यादव, विजयलक्ष्मी सिंह, ललित शर्मा, विजेंद्र सिंह, आकाश आदि ने खिलाड़ियों को बधाई दी।