टूंडला। गांव मोहम्मदाबाद आश्रम रोड पर लगा विद्युत पोल कभी भी हादसे का सबब बन सकता है। शिकायत के बाद भी विद्युत निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने रविवार को विद्युत पोल के पास खड़े होकर प्रदर्शन कर पोल बदलवाने की मांग की।
प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि परमधाम आश्रम रोड प्रेमबाबू के मकान के सामने विद्युत पोल काफी पुराना और जर्जर हालत में है। यह पोल नीचे से गल चुका है और कभी भी गिर सकता है।
यदि पोल गिरा तो कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। इस संबंध में एसडीएम और जेई विद्युत को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में राजकुमारी देवी, हीरो देवी, ललिता देवी, रश्मि, मुन्नी देवी, पिंकी, हरप्यारी देवी, शकुंतला, प्रवेश कुमार, वीरेश यादव, सौरभ कुमार, हरीशंकर आदि प्रमुख रहे।