Agra: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने देखा आपदा प्रबंधन अभ्यास, कहा- इससे निपटने के लिए साझा सहयोग की जरूरत
आगरा एयरफोर्स स्टेशन पर आपदा प्रबंधन (राहत व बचाव कार्यों और बेहतर प्रयासों) के लिए आसियान देशों का संयुक्त अभ्यास हो रहा है। मंगलवार को आपदा प्रबंधन की क्षमता वृद्धि एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया।
विस्तार
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को एयरफोर्स स्टेशन आगरा में आसियान देशों के आपदा प्रबंधन अभ्यास ‘समन्वय 2022’ में सैन्य व आपदा एजेंसियों के प्रतिनिधियों से कहा कि भूकंप, बाढ़, तूफान, सुनामी कभी देश देखकर नहीं आते। आपदा किस पर कहर बरपाएगी कोई नहीं जानता। एशिया हो या विकसित देश, जब भी कोई आपदा आई भारत ने राहत पहुंचाई। भारत की ताकत में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। आपदा में राहत की क्षमता बढ़ी है। हमें और क्षमता वृद्धि के लिए साझा सहयोग की जरूरत है।
आगरा एयरफोर्स स्टेशन पर 28 से 30 नवंबर तक आपदा प्रबंधन (राहत व बचाव कार्यों और बेहतर प्रयासों) के लिए आसियान देशों का संयुक्त अभ्यास हो रहा है। पहले दिन सोमवार को रक्षा प्रबंधन पर विचार व अनुभव साझा हुए हैं। दूसरे दिन मंगलवार को आपदा प्रबंधन की क्षमता वृद्धि एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया।
सीडीएस ने भेंट किया स्मृति चिन्ह
सबसे पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने रक्षामंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। फिर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आसियान देशों के सशस्त्र बलों, एजेंसियों व एनडीएमए, एनआईडीएम, एनडीआरएफ, डीआरडीओ, आईएमडी, एनआरएस और आईएनसीओआईएस के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे खुशी है कि मैं इस अभ्यास का साक्षी बना।