Mathura: पति की हत्या कर फंदे से लटका शव, पत्नी ने आठ माह के मासूम को भी कमरे में किया बंद
युवक के ससुरालीजन आए हुए थे, जिनके साथ पत्नी मायके जा रही थी। रात में युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। मृतक के भाई ने उसकी पत्नी और ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
विस्तार
मथुरा के रिफाइनरी क्षेत्र के गांव लाडपुर में युवक की गला घोंटकर हत्या करके शव को पंखे से लटका दिया गया। उसके बाद बाहर से कमरे को ताला लगाकर बंद भी कर दिया गया। सूचना पर पहुंची रिफाइनरी पुलिस ने कमरा खोलकर शव को उतारकर कब्जे में लिया। कमरे में उसका आठ माह का बच्चा भी सोता हुआ मिला। मृतक के भाई की तहरीर पर पत्नी समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पति और पत्नी का विवाद बता रही है। नामजदों को हिरासत में लिया गया है।
गला घोंटकर हत्या का आरोप
गांव लाडपुर निवासी नहनू (28) पुत्र सियाराम वैल्डिंग का कार्य करता था। मृतक के भाई अजय ने बताया कि सोमवार को विवाद के बाद उसकी पत्नी नीलम ने अपने मायके वालों को सूचना दे दी। मायके वालों ने आकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को पंखे से लटका दिया। सुसाइड दिखाने के लिए ससुरालीजनों ने यह साजिश रची।
पुलिस के पहुंचने से पहले मृतक के भतीजे सौरभ ने खिड़की से झांककर देखा तो दंग रह गया। पुलिस ने कमरे का ताला खुलवाकर शव को पंखे से उतारा। गले में रस्सी का फंदा लगा हुआ था। मृतक के भाई अजय की तहरीर पर पत्नी नीलम समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
प्लॉट नाम करने को लेकर था विवाद
पोस्टमार्टम गृह पर मृतक के भाई अजय ने बताया कि छह लाख रुपये का बरारी में प्लॉट खरीदने को लेकर नहनू ने पत्नी नीलम को मायके से बुलाया था। सोमवार सुबह आई पत्नी ने यह प्लॉट अपने नाम करने को कहा था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं था। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और दिन में वह मेहनत मजदूरी करने चला गया। इस बीच पत्नी नीलम ने पूरी साजिश रच ली।
पति को बेहोश कर फंदे से लटकाया
शाम सात बजे नहनू जब घर आया तो उसे खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर अचेत कर दिया। आरोप है कि मायके पक्ष की चार महिलाएं और दो पुरुषों ने नहनू को कमरे में पंखे से लटका दिया। रात में जब नीलम अपने पक्ष के लोगों के साथ गाड़ी से लौट रही थी, तभी मौके पर पहुंची रिफाइनरी पुलिस ने उसे रोक लिया और पूछा उसके कितने बच्चे हैं, जब बताया गया कि तीन बच्चे हैं। इनमें से आठ महीने के दुधमुंहे बच्चे को वह ससुराल में ही छोड़ आई है। इस पर दरोगा हरेंद्र सिंह ने महिला को घर जाकर छोटे बच्चे को साथ लाने की बात कही।
कमरे में रो रहा था आठ माह का बच्चा
बताते हैं कि नीलम जब घर पहुंची तो बंद कमरे से बालक के रोने की आवाज सुनकर पुलिस ने दरवाजा खुलवाया, जहां छोटा बच्चा रो रहा था। नहनू का शव पंखे से लटका था। सभी को हिरासत में ले लिया। इस बीच एक महिला भाग गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह महिला प्लॉट खरीदने के लिए लाई गई छह लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये के जेवरात लेकर भाग निकली है। इसकी तलाश की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक प्रशांत त्यागी ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम पैनल से कराया गया है।