पुलिस कस्टडी से पांचवीं बार भागा अपराधी प्रिंस, 3 राज्यों में 70 से ज्यादा केस, ये है पूरी प्रोफाइल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
70 से ज्यादा अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका आगरा का शातिर अपराधी प्रिंस अग्रवाल पांचवीं बार पुलिस की कस्टडी से भाग गया है। उसे आगरा से दून एक्सप्रेस ट्रेन से गाजीपुर ले जाया जा रहा था।
वो इलाहाबाद में पुलिसकर्मियों को चकमा देकर ट्रेन से कूदकर भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा है। उसकी अभिरक्षा में लगे एक दरोगा और तीन सिपाही निलंबित कर दिए गए हैं।
शातिर अपराधी प्रिंस आगरा के ताजगंज का रहने वाला है। उसे 29 मई को एत्माद्दौला थाना पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद बी वारंट पर उसे गाजीपुर जेल शिफ्ट कर दिया गया था।
वारंट छीनकर फाड़ा
उसके खिलाफ गाजीपुर में भी चोरी, लूट और पुलिस कस्टडी से भाग जाने के केस हैं। उसे दो दिन पहले उसके आगरा के मामलों में पेशी पर यहां लाया जा रहा था। रास्ते में उसने पुलिसकर्मियों से वारंट छीना और फाड़कर फेंक दिया।
पुलिसकर्मी आगरा जिला जेल में वारंट नहीं दिखा पाए। इस कारण जेल प्रशासन ने उसे दाखिल करने से इंकार कर दिया। इस पर उसे फिर से गाजीपुर ले जाया जा रहा था। रास्ते में चलती ट्रेन से वो कूद गया।
इससे पहले शातिर प्रिंस लखनऊ और आगरा में पुलिस कस्टडी से भाग चुका है। आगरा में एसएन मेडिकल कॉलेज से भागा था। इन मामलों में उसकी कस्टडी में लगे 12 पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज हैं।
अय्याश किस्म का है प्रिंस
शातिर प्रिंस अय्याश किस्म का अपराधी है। जब भी पुलिस कस्टडी से भागता है या वारदात में मोटा पैसा हाथ लगता है, तो वो गोवा भाग जाता है। वो फाइव स्टार होटलों में रहता है और मौज मस्ती करता है। उसकी कई गर्लफ्रेंड भी बताई जाती हैं।
प्रिंस चोरी, लूट, डकैती सहित तमाम अपराध करता है, लेकिन सबसे ज्यादा संपत्ति उसे चोरी में हाथ लगी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उसने पिछले कुछ सालों में ही 10 करोड़ से ज्यादा का कैश और जेवरात चोरी किए हैं।