आगरा: पार्टी के दौरान गोली लगने से युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, थाने में हंगामा
- थाना एत्माद्दौला के स्टेशन रोड की घटना, पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, पार्टी के दौरान चली थी गोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के थाना एत्माद्दौला के स्टेशन मार्ग पर सोमवार रात को एक युवक को गोली लग गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) छत्ता का कहना है कि युवक अपने दोस्त के साथ पार्टी मनाने गया था। इसी दौरान दोस्त की रिवॉल्वर से गोली चल गई। उसकी मौत हो गई। घटना की जांच की जा रही है।
थाना एत्माद्दौला के प्रकाश नगर निवासी आदिल पुत्र जब्बार पेंटर था। उसके दो बच्चे हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम को उसे एक युवक घर से बुलाकर ले गया था। उसे अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आदिल के बाई तरफ कंधे में गोली लगी हुई थी।
हालत बिगड़ने पर परिजन एस एन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां से दिल्ली गेट स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार सुबह आदिल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने स्टेशन मार्ग पर पहुंचकर जांच की। लोगों से पूछताछ में गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई। लोगों का कहना था कि अगर गोली चलती तो अन्य लोगों को भी पता चल जाता। मगर, ऐसा नहीं हुआ था।
दोस्त ने अस्पताल में कराया था भर्ती
सीओ छत्ता राजीव कुमार ने बताया कि आदिल को उसके दोस्त धर्मेंद्र ने भर्ती कराया था। दोनों पार्टी मना रहे थे। तभी धर्मेंद्र की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चल गई। गोली आदिल को लग गई। पहले परिजन कुछ लोगों पर आरोप लगा रहे थे। इलाज के दौरान आदिल से बयान लिए गए थे।
उसने पूरी घटना की जानकारी दी है। इसकी रिकॉर्डिंग भी की गई है। धर्मेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उधर, परिजनों ने थाना एत्माद्दौला में हंगामा किया। पत्नी का कहना था कि आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। दो बच्चों से पिता का साया उठ गया।