आगरा : दो कारखानों में बन रहा था नामी कंपनी का नकली मोबिल तेल, आठ गिरफ्तार
- एत्माद्दौला के हनुमान नगर और ताजगंज के नीति बाग में पुलिस ने मारा छापा, ड्रम में तेल, पैकिंग का सामान बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र के हनुमान नगर और ताजगंज के नीति बाग में शनिवार शाम को पुलिस को नकली मोबिल तेल के दो कारखाना चलते मिले। पुलिस ने आठ लोगों गिरफ्तार कर लिया है। कारखाना संचालक दिल्ली और जयपुर से नकली मोबिल तेल लाकर नामी कंपनियों की पैकिंग और डिब्बों में तेल भरकर बेचते थे।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) छत्ता विकास जायसवाल ने बताया कि हनुमान नगर के एक घर में मोबिल तेल बनाए जाने की सूचना मिली थी। जांच में मामला सही निकला। कारखाना पर शनिवार को छापा मारा गया। राजपुर चुंगी निवासी आमिर ने देवा का मकान किराए पर लिया था।
आमिर के अलावा साझीदार जिनखाना निवासी मुन्ना, बॉबी, इकराम, इमरान और तीन मजदूरों को पकड़ लिया। मौके पर छह ड्रम में रखा मोबिल तेल पैकिंग मशीन, डिब्बे, पाउच, टेंपो आदि बरामद हुए।
ताजगंज में भी चल रहा था कारखाना
आरोपियों से पूछताछ के बाद ताजगंज के नीतिबाग में नवाबुद्दीन के घर में कारखाना पकड़ लिया गया। वहां एक लोडर टेंपो भरकर तेल पकड़ा गया। दो कमरों का एक गोदाम मिला। पैकिंग के बाद ये माल बाजार में भेज दिया जाता था। दो लोग पकड़े गए। नकली मोबिल तेल की आपूर्ति बालूगंज, शाहगंज, बोदला, टीपी नगर के अलावा देहात के इलाकों में होने की जानकारी मिली है।
पुराने तेल से करते हैं तैयार
पुलिस की जांच में पता चला कि गाड़ियों से निकलने वाला पुराना मोबिल तेल कारीगर अपने पास रख लेते हैं। इसके बाद यह मोबिल तेल एक व्यक्ति खरीदता है। यह दिल्ली, हरियाणा के गुरुग्राम और जयपुर की फैक्टरी में भेज दिया जाता है। इस मोबिल तेल को साफ किया जाता है।
इसके बाद यह प्रयोग करने योग्य होता है। तीन तरीके का तेल तैयार करते हैं। तारकोल भी बनाया जाता है। मगर, यह तेल गाड़ियों के लिए नहीं होता। मशीन में प्रयोग के लिए होता है। आरोपी कारखाना चलाने वाले इस तेल को 60 रुपये में खरीदते थे। इसके बाद 250 से 300 रुपये में नामी कंपनी के नाम पर बेचते थे।