निकाय चुनाव होते ही बसपा को लगा झटका: मायावती के टिकट पर जीती पार्षद, थामा भाजपा का दामन, उड़े बसपाइयों के होश
निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद आगरा से बसपा के लिए बुरी खबर है। यहां से बीएसपी के टिकट पर जीत दर्ज करने वाली पार्षद ने भाजपा का दामन थाम लिया है।
विस्तार
नगर निकाय चुनाव होते ही बहुजन समाज पार्टी को बड़ा झटका लगा है। आगरा से बसपा के टिकट पर जीतीं पार्षद ने भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह के आवास पर पहुंचकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
नगर निगम वार्ड-74 सिकंदरा से बसपा की टिकट पर पार्षद का चुनाव जीती गौरा ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इसके लिए वे उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह के जयपुर हाउस स्थित कराने पर पहुंची। चौधरी उदयभान सिंह ने उन्हें लड्डू खिलाए और भाजपा में शामिल कर लिया। भाजपा में शामिल हुई ठाकुर गौरा देवी सिकरवार ने इस संबंध में पार्टी के आगरा महानगर अध्यक्ष भानु महाजन को एक पत्र भी लिखा है। इस पत्र में उन्होंने खुलासा किया है कि बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ा और अब भाजपा में शामिल क्यों हो रहीं हैं।
ये भी पढ़ें - शादी तो फिर भी हुई: दुल्हन ने ऐन वक्त पर किया सात फेरे लेने से मना, दूल्हे ने सिखाया ऐसा सबक, याद करेंगे सब
ये बताई वजह
गौरा देवी सिकरवार ने बताया कि वे बहुजन समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ी और 1260 मतों से विजयी हुईं। उन्होंने बताया कि शुरू से भारतीय जनता पार्टी की नीति एवं रीतियों में विश्वास रखती हैं। भाजपा के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ना चाहती थीं। उनके पति भाजपा के कार्यकर्ता थे। उन्होंने बताया कि कई बार चौ. उदयभान सिंह से भारतीय जनता पार्टी से उम्मीदवारी की इच्छा व्यक्त की थी लेकिन प्रयास विफल हुआ। संगठन से टिकट नहीं मिल सका। इसके बाद उन्होंने बहुजन समाजवादी पार्टी की उम्मीदवारी प्राप्त की और बीएसपी से चुनाव लड़ीं और विजयी हुईं।
ये भी पढ़ें - UP: घर में चल रही थीं शादी की तैयारी, दो दिन पहले प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन; थाने में फूट-फूटकर रोया पिता