Coronavirus In Agra: ऑस्ट्रेलियन पर्यटक दंपती सहित सात संक्रमित, नौ जून को आए थे आगरा
आगरा में कोरोना संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर से बढ़ने लगी है। ऑस्ट्रेलिया से ताजमहल देखने आगरा आए पर्यटक दंपती सहित रविवार को सात लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
विस्तार
आगरा में ऑस्ट्रेलिया से ताजमहल देखने आगरा आए पर्यटक दंपती सहित रविवार को सात लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या अब 16 हो गई है।
पांच सितारा होटल में ठहरे थे ऑस्ट्रेलियन पर्यटक दंपती
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव के अनुसार ऑस्ट्रेलियन दंपती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह फतेहाबाद रोड स्थित एक पांच सितारा होटल में ठहरे थे। नौ जून को आगरा आए थे। 10 जून को पर्यटक पति की जांच की गई थी, 11 जून को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनकी पत्नी की जांच की गई। रविवार को इनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। इस पर होटल के स्टाफ की सैंपलिंग की गई है।
संपर्क में आए लोगों की हो रही तलाश
दंपती के संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है। दोनों पति-पत्नी में गंभीर लक्षण नहीं हैं। उधर, प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले दस दिन से कोरोना केस कम थे। रविवार को 2698 लोगों की जांच में सात संक्रमित मिलने के बाद सक्रिय मरीजों की संख्या 16 पहुंच गई है। जिले में अब तक कुल 27.11 लाख लोगों की जांच में 36478 मरीज मिल चुके हैं। 465 मरीज दम तोड़ चुके हैं। 35,997 ठीक हो चुके हैं। मरीजों के स्वस्थ होने की दर 98.68% है।
खत्म नहीं हुआ है संक्रमण
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि लोग लापरवाही न बरतें। संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है। जिन लोगों ने वैक्सीन की दूसरी खुराक नहीं ली है वह जल्द दूसरा टीका भी लगवा लें। उन्होंने कहा घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर पहनें। कोविड व्यवहार का पालन करें।