मैनपुरी। मंगलवार की दोपहर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह अधिकारियों के काफिले के साथ पंजाबी कॉलोनी पहुंचे। कोरोना संदिग्ध की मौत के बाद उसके घर के पड़ोस में रहने वाले लोगों की अपनी देखरेख में स्क्रीनिंग कराकर एक बार फिर पूरे एरिया को सैनिटाइज कराया।
डीएम ने मंगलवार की दोपहर जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं परखीं। पंजाबी कॉलोनी में रहने वाले युवक के संबंध में डॉक्टरों से जानकारी जुटाई। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टॉफ से कहा मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं देते समय पूरी सतर्कता बरतें। समय-समय पर इमरजेंसी वार्ड की मॉपिंग कराएं। सभी चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टॉफ एन-95 मास्क, ग्लब्स पहने रहें। मरीज को देखते समय पीपीई किट जरूर पहनें। बाद में डीएम ने बंशीगोहरा, स्टेशन रोड में पैदल भ्रमण किया। लोगों से कहा बीमारी की गंभीरता को समझें। सड़कों पर थूकने वालों से अब पुलिस जुर्माना वसूल करेंगी। डीएम के साथ एसपी अजय कुमार पांडेय, सीएमओ एके पांडेय, एसडीएम सदर रजनीकांत, सीओ सिटी अभय नरायन राय मौजूद रहे।