आगरा में बढ़ी कोरोना की रफ्तार: नगरायुक्त व बाल रोग विशेषज्ञ सहित नौ नए संक्रमित, 79 हुई सक्रिय मरीजों की संख्या
आगरा में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ने लगा है। नगरायुक्त ने स्वयं के संक्रमित होने की पुष्टि की है, जबकि उनकी पत्नी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीं बाह सीएचसी पर चिकित्सक सहित चार लोगों में संक्रमण की पुष्टि से हड़कंप मच गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में कोरोना वायरस की चौथी लहर में शनिवार को नगरायुक्त निखिल टी. फुंडे व बाह स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात बाल रोग विशेषज्ञ सहित कुल नौ नए संक्रमित मिले हैं। पिछले 24 घंटे में 2095 लोगों की जांच की गई है। इस दौरान कोई भी मरीज ठीक नहीं हुआ है। जिले में 79 कोरोना सक्रिय मरीज हैं।
नगरायुक्त निखिल टी फुं डे ने स्वयं के संक्रमित होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी व अन्य परिजनों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उधर, बाह में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सक सहित चार लोग संक्रमित मिलने से हड़कंप मचा है। चिकित्सक डॉ. पुष्पेंद्र शर्मा ने खुद को आईसालेट किया है। उन्होंने एंटीजन टेस्ट कराया था। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र वर्मा ने बताया कि सीएचसी को सेनेटाइज कराया है।
नौ नए मरीजों में तीन महिलाएं
जिला स्वास्थ्य शिक्षा व सूचना अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि नौ नए मरीजों में तीन महिलाएं व छह पुरुष हैं। छह मरीजों की आयु 18 से 45 वर्ष और तीन मरीजों की उम्र 45 से 60 वर्ष के बीच है। बाग फरजाना, कमला नगर, नूरी गेट, ताजगंज, शमसाबाद रोड, सिकंदरा क्षेत्र में नए मरीज मिले हैं।
सतर्कता बरतें
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि संक्रमण की स्थिति भयावह हो सकती है। ऐसे में विशेष सतर्कता बरतें। मास्क व उचित दूरी का पालन करें। घर से बिना मास्क बाहर न निकलें। जिन लोगों ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं ली है वे तत्काल ले लें। उन्होंने कहा कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाने वाले लोग खुद भी संक्रमित हो सकते हैं और दूसरों में भी संक्रमण फैला सकते हैं। प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में अब तक 36362 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 465 मरीजों की मौत हो चुकी है। 35818 मरीज ठीक हो चुके हैं।
नहीं बढ़ रही सैंपलिंग
जिले में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन सैंपलिंग नहीं बढ़ रही। प्रतिदिन तीन हजार लोगों की जांच का लक्ष्य है। जिसके सापेक्ष औसतन 2000 से 2200 लोगों की जांच रो हो रही है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि लोग खुद जांच कराने के लिए नहीं आ रहे। जिले में 40 जगह जांच की सुविधा है। निजी लैबों में भी लोग जांच करा सकते हैं।