राजस्थान के कांग्रेस विधायक का 9वीं कक्षा का प्रमाणपत्र निकला फर्जी, दर्ज होगी एफआईआर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्थान के धौलपुर जिले की बाड़ी विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह का कक्षा नौ का प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया है। उन्होंने इसी प्रमाणपत्र के आधार पर डीएवी इंटर कॉलेज, मोतीकटरा, आगरा से व्यक्तिगत विद्यार्थी के रूप में हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की।
जांच में फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने गिर्राज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। धौलपुर के पार्वती सदन जीटी रोड निवासी जसवंत सिंह गुर्जर ने दो जनवरी, 2019 आगरा में जिला विद्यालय निरीक्षक के यहां गिर्राज सिंह के प्रमाणपत्र फर्जी होने की शिकायत की थी।
इसके आधार पर जांच कराई गई। इसमें पाया गया कि गिर्राज सिंह पुत्र छोटेलाल ने हाईस्कूल की परीक्षा वर्ष 2016 में (रोल नंबर - 4001843) डीएवी इंटर कॉलेज, मोतीकटरा से कक्षा नौ के फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर उत्तीर्ण की है।
फर्जी मार्कशीट लगाकर पास किया हाईस्कूल
जिला विद्यालय निरीक्षक ने शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी, धौलपुर को पत्र भेजा। उसकी प्रतिलिपि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, निधारा, बाड़ी के प्रधानाचार्य को भेजी गई।
यह जानकारी मांगी गई कि वर्ष 1990-91 में विद्यालय में माध्यमिक स्तर की कक्षाएं संचालित थी या नहीं। प्रधानाचार्य ने रिपोर्ट दी है कि संबंधित वर्ष में विद्यालय में माध्यमिक स्तर की कक्षाएं संचालित नहीं थीं।
विद्यालय में वर्ष 2009-10 से माध्यमिक स्तर की कक्षाएं संचालित हुई हैं। उच्च माध्यमिक स्तर पर सत्र 2015-16 से कक्षाएं प्रारंभ हुईं। इस पर माना गया कि गिर्राज सिंह ने कक्षा नौ के फर्जी कागजात लगाकर हाईस्कूल की व्यक्तिगत परीक्षा उत्तीर्ण की है।
एफआईआर दर्ज कराने के आदेश
इस संबंध में डीएवी इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सुमन देवी ने बताया कि ‘डीआईओएस के आदेश पर थाना एमएम गेट और एसएसपी को गिर्राज सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर रजिस्ट्री कर दी है।
विधायक बोले मामला जानकारी में नहीं
उधर, बाड़ी के कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा ने बताया कि ऐसा कोई मामला उनकी जानकारी में नहीं आया है। ऐसे कुछ नहीं बता सकते। कुछ सामने आएगा, तब जवाब दे देंगे। मामला सामने आने पर उचित कदम उठाएंगे।