मैनपुरी। कांग्रेस ने पोल खोल कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यालय पर उपवास किया। शिक्षक भर्ती और पशुपालन विभाग में हुए घोटाले की जांच हाईकोर्ट के जज से कराने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनीता शाक्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मंडी धर्मदास स्थित कार्यालय पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय पर उपवास रखकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विनीता शाक्य ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती में और पशुपालन विभाग में भी घोटाला हुआ है। घोटालों में शामिल विभाग के मंत्रियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए। हाईकोर्ट के वर्तमान जज से जांच कराई जाए। पूर्व जिलाध्यक्ष संकोच गौड़ ने कहा प्रदेश में अन्य विभागों में हुए घोटालों की भी जांच भी हाईकोर्ट के जज से ही कराई जानी चाहिए। तभी सच्चाई सामने आ सकती है। शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव ने कहा डीजल और पेट्रोल की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। महंगाई भी चरम पर है। इस मौके पर मनोज कुमार शाक्य, चंद्रप्रकाश दुबे, सुरेश राठौर, शैलू सक्सेना, कैलाश उपाध्याय, शिवराज सिंह यादव, विनोद शर्मा, भैयालाल गुप्ता, अतुल दुबे मौजूद रहे।