आगरा: बाह में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सपा और भाजपा के प्रत्याशियों पर मुकदमा, मलपुरा में वाहन सीज
आगरा जिले में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रैलियों में उमड़ी भीड़ और आचार संहिता उल्लंघन पर पुलिस ने कार्रवाई की है। बाह क्षेत्र में सपा और भाजपा के प्रत्याशियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं मलपुरा में एक वाहन को सीज कर दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा जिले में पुलिस ने मंगलवार को बाह विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी मधुसूदन शर्मा और भाजपा प्रत्याशी पक्षालिका सिंह के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है। इधर, आगरा ग्रामीण क्षेत्र में सपा-रालोद प्रत्याशी के काफिले को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने बगैर अनुमति प्रचार में शामिल होने पर एक वाहन को सीज कर दिया। चार वाहनों का चालान काटा गया है।
बाह के इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि बाह में बिना अनुमति के रोड शो करने पर मधुसूदन शर्मा और 125 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं, जैतपुर के एसओ मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि जैतपुर में रोड शो करने पर भाजपा विधायक पक्षालिका सिंह और करीब 500 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है।
बगैर अनुमति प्रचार में शामिल होने पर वाहन सीज
मलपुरा क्षेत्र में आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से सपा-रालोद प्रत्याशी महेश जाटव के काफिले को पुलिस ने रोक लिया। बगैर अनुमति के शामिल वाहनों को पुलिस थाने ले गई। एक वाहन को सीज और चार का चालान कर दिया। एक वाहन छोड़कर सभी की अनुमति होना बताते हुए रालोद नेताओं ने पुलिस पर मनमानी कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए थाने के सामने हंगामा किया।
सीओ अछनेरा महेश कुमार ने बताया कि सपा-रालोद के प्रत्याशी मंगलवार को कई वाहनों के साथ चुनाव प्रचार में निकले थे। रोककर वाहनों की अनुमति पत्र मांगा गया था। उसे दिखाया नहीं गया। इस पर गाड़ियों को थाने लाया गया। जांच के बाद एक वाहन को सीज और चार वाहनों का दो-दो हजार रुपये चालान काटा गया है। ।
पुलिस ने सपा प्रत्याशी का काफिला रोका
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मंगलवार को फतेहाबाद में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी की बाइक रैली निकाली गई। कस्बे के अवंती बाई चौक से बाइक रैली जैसे ही आंबेडकर चौक पहुंची। यहां पहले से मौजूद फतेहाबाद एसओ आलोक कुमार ने रौली रोककर अनुमति पत्र दिखाने को कहा। एसओ ने बताया कि कोई भी अनुमति पत्र नहीं दिखा सका।
इस पर सभी बाइक सवारों को रोककर लौटा दिया गया। इस दौरान आंबेडकर चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। जाम का माहौल बन गया। तमाम वाहन इसमें फंस गए। जिन्हें बाद में पुलिस ने निकाला। इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह ने कहा के बिना अनुमति रैली निकालने पर कार्रवाई की जाएगी।