Agra: कोचिंग की शिक्षिकाओं को सोशल मीडिया पर किया बदनाम, एक पीड़िता ने दर्ज कराया मुकदमा
एक पीड़िता ने कोचिंग के निदेशक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि चार साल पहले हुई जन्मदिन पार्टी का फोटो इस्तेमाल कर उसे बदनाम किया गया।
विस्तार
आगरा के एक कोचिंग सेंटर की शिक्षिकाओं को सोशल मीडिया पर बदनाम किया गया। कोचिंग में हुई एक जन्मदिन पार्टी का फोटो लगाकर शिक्षिकाओं के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी गईं हैं। एक पीड़ित शिक्षिका की तहरीर पर मोशन एकेडमी के निदेशक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल से जांच कराई जाएगी।
कोचिंग सेंटर के दो साझीदार हैं। एक की पत्नी प्रशासनिक हेड तो दूसरे की एकेडमिक हेड हैं। दोनों दंपती मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कराते हैं। प्रशासनिक हेड ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें लिखा है कि उनकी कोचिंग दो साल पहले शुरू हुई थी। कुछ ही समय में कोचिंग के विद्यार्थियों का चयन होने से दूसरे व्यावसायिक वैमनस्यता मानने लगे हैं।
बर्थडे पार्टी का फोटो किया गया इस्तेमाल
आरोप लगाया गया है कि 12 अगस्त को परिचितों और विद्यार्थियों ने फोन कर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की जानकारी दी। पोस्ट को एक अखबार में छपी खबर की तरह दर्शाने की कोशिश की गई थी। इसमें कोचिंग में चार साल पहले हुए जन्मदिन समारोह की फोटो का प्रयोग हुआ था। हेडिंग में आपत्तिजनक बातें लिखी थीं। इसके नीचे साझीदार दंपती की फोटो लगाई गई और महिलाओं को बदनाम किया गया।