आगरा: पेट्रोल-डीजल की कीमत में इजाफा से बढ़ी सीएनजी गाड़ियों की संख्या, गैस की किल्लत से पंप पर लंबी कतारें
शहर में पाइप लाइन से गैस की सप्लाई वाले केवल छह पंप हैं, बाकी पंपों पर दो-दो टैंकरों से गैस की सप्लाई की जाती है। हाईवे स्थित सीएनजी पंप के मैनेजर गौरव ने बताया कि टैंकर खत्म होने के बाद दो से तीन घंटे में दूसरा टैंकर पहुंचता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पेट्रोल-डीजल की कीमत में इजाफा होने के बाद सीएनजी गाड़ियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में शहर से हाईवे तक के सीएनजी पंपों पर दिनभर गाड़ियों की कतारें लगी रहती हैं। टैंकरों से आपूर्ति वाले पंपों पर आधे दिन ही गैस मिल पा रही है। ऐसे में ऑटो व वैन चालक रात में लाइन में लगने को मजबूर हैं।
सीएनजी पंपों की संख्या केवल 18
आगरा शहर में सीएनजी पंपों की संख्या केवल 18 है। हाईवे पर रुनकता और फतेहपुर सीकरी रोड पर सीएनजी पंप हैं। शहर में 6841 ऑटो रिक्शा, 2213 लोडिंग टेंपो, 1176 थ्री व्हीलर, 680 से अधिक बसें सीएनजी से संचालित हैं। इनमें स्कूल बसें भी शामिल हैं। इसके अलावा प्राइवेट वैन और कार भी सीएनजी से संचालित हैं। एक लाख से ज्यादा गाड़ियां जिले की हैं। इसके अलावा मथुरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी व भरतपुर से आने वाली सीएनजी गाड़ियां भी इन पंपों पर पहुंचती हैं। लोगों को एक से दो घंटे गैस भरवाने का इंतजार करना पड़ रहा है।
पूरी नहीं हो पा रही आपूर्ति
शहर में पाइप लाइन से गैस की सप्लाई वाले केवल छह पंप हैं, बाकी पंपों पर दो-दो टैंकरों से गैस की सप्लाई की जाती है। हाईवे स्थित सीएनजी पंप के मैनेजर गौरव ने बताया कि टैंकर खत्म होने के बाद दो से तीन घंटे में दूसरा टैंकर पहुंचता है। ऐसे में लाइनें लगना स्वाभाविक है। मैनेजर ने बताया कि एक पंप पर औसतन पांच हजार किलो तक गैस की खपत है, जबकि इतनी नहीं मिल पाती।
रात में भरवा रहे गैस
ऑटो चालक रमेश ने बताया कि वह रोज काम खत्म करने के बाद कामायनी स्थित पंप पर लाइन में लगते है, ताकि सुबह परेशानी न उठानी पड़े। शहर के ज्यादातर ऑटो चालक रात में ही गैस भरवाते हैं। टैंकर वाले पंपों पर गैस नहीं मिल पाती।
गैस के लिए हो रहे परेशान
सीएनजी कार चलाने वाले अजय बताते हैं कि उन्हें कार में सीएनजी तो लगवा ली, लेकिन अब गैस भरवाने की दिक्कत आ रही है। जब भी पंप पर जाओ, लंबी कतार मिलती है।
टैंकर बढ़वाए जाएंगे
ग्रीन गैस लिमिटेड के मीडिया प्रभारी विनय भारद्वाज ने बताया कि सीएनजी वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ऐसे में निर्बाध आपूर्ति पर असर पड़ा है। इसके लिए सीएनजी आपूर्ति करने वाले टैंकर बढ़वाए जाएंगे।
मैनपुरी नवोदय छात्रा की मौत का मामला: सुराग जुटाने की हर कोशिश, एडीजी ने दीवार फांदकर अंदर घुसाए सिपाही