खोदाई के दौरान धमाके के साथ फटी पीएनजी पाइप लाइन, गैस रिसाव होने से मची भगदड़
स्मार्ट सिटी योजना के तहत ताजगंज क्षेत्र में बसई चौकी के सामने जेसीबी खोदाई कर रही थी। यहीं नीचे ग्रीन गैस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के पीएनजी की मुख्य लाइन गुजर रही है। करीब 10 बजे जेसीबी की खोदाई से पाइप लाइन फटते ही तेज धमाका हुआ।
तेज गति से गैस का रिसाव होने लगा। यह देख आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। अपने प्रतिष्ठान के शटर डालकर दुकानदार भाग गए। सामने पुलिस चौकी से भारी संख्या में पुलिस बल आ गया। तत्काल कंपनी और फायर ब्रिगेड को फोन कर सूचना दी।
ढाई घंटे तक मची रही अफरा-तफरी
लगातार गैस का रिसाव होने से आसपास के लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। पुलिस ने माइक लेकर आसपास के लोगों को दूर रहने और ज्वलनशील पदार्थ न जलाने की हिदायत दी।
एहतियातन यातायात को रोककर लोगों पीछे हट जाने को कहा। कंपनी की तकनीकी टीम आई और पाइप लाइन में ब्लाक बनाकर करीब साढ़े बारह बजे गैस का रिसाव रोकने में सफलता मिली। करीब ढाई घंटे तक क्षेत्र अफरा-तफरी का हाल रहा।
कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट सिटी का कार्य करने वाली कंपनी को खोदाई की एनओसी ली हुई है। खोदाई के समय पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, उसे दुरुस्त करा दिया है।
स्मार्ट सिटी योजना के नोडल अधिकारी आरके सिंह ने बिताया कि खोदाई के वक्त ग्रीन गैस कंपनी के तकनीकी कर्मचारी साथ थे। इनको खुद ही नहीं पता है कि कितनी गहराई पर पाइप लाइन है। जेसीबी से खोदाई के वक्त पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे ठीक करा दिया गया है।