आगरा: ढाई साल पहले कपड़ा व्यापारी की मौत कैसे हुई, परिवार के पॉलीग्राफ टेस्ट से खुलेगा राज ?
कपड़ा व्यापारी की मौत के मामले में मृतक की पत्नी और सालों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। नवंबर 2019 में विसरा की रिपोर्ट में व्यापारी की मौत जहर से होने की पुष्टि हुई। यह हत्या है या आत्महत्या, इसका राज अभी नहीं खुला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में कपड़ा शोरूम संचालक बबलू उर्फ सेनापति की ढाई साल पहले हुई मौत का राज जानने के लिए पुलिस परिवार के सात लोगों सहित आठ का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने जा रही है। इसमें मृतक के भाई, दो बहन, एक चालक और पत्नी, उसके तीन भाई शामिल हैं। इसके लिए पुलिस को कोर्ट से अनुमति मिल गई है।
आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर चार निवासी सेनापति (42) का बोदला में कपड़े का शोरूम था। उनकी पत्नी सरोज भी दुकान पर बैठती थीं। उनके तीन बच्चे हैं। चार अप्रैल 2019 को उनकी हालत खराब हुई थी। इस पर भाई प्रीतम सिंह ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान सेनापति की मौत हो गई।
मथुरा से अगवा बालिका आगरा में मिली: दुष्कर्म की आशंका पर पुलिस ने कराया मेडिकल, अपहरणकर्ता की तलाश
परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मगर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। विसरा सुरक्षित किया गया। पुलिस ने इसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोशलाला भेजा।
विसरा रिपोर्ट में हुई थी जहर की पुष्टि
थाना पुलिस ने बताया कि नवंबर 2019 में विसरा की रिपोर्ट पुलिस के पास आई। इसमें बबलू उर्फ सेनापति की मौत जहर से होने की पुष्टि हो गई। इस पर भाई प्रीतम सिंह ने मृतक की पत्नी सरोज और उनके तीन सालों पर साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया। इसके लिए कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया। कोर्ट के आदेश पर थाना जगदीशपुरा में मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद पुलिस ने विवेचना शुरू की।
पत्नी ने भी लगाया था साजिश का आरोप
पत्नी सरोज ने पति के भाई प्रीतम सिंह पर साजिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब पति की मौत हुई, तब वो भाई के साथ ही रह रहे थे। मगर, प्रीतम सिंह का कहना था कि वह भाई को हालत बिगड़ने पर लेकर आए थे। पहले से भाई उनके साथ नहीं रह रहा था। उन्होंने अस्पताल में भर्ती कराया था।
लखनऊ लैब में होगा टेस्ट
थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि बबलू उर्फ सेनापति की मौत के मामले में आठ लोगों का पॉलीग्राफिक टेस्ट कराया जाएगा। इसमें वादी मुकदमा प्रीतम सिंह और मृतक की पत्नी की सहमति के बाद पुलिस ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया था। कोर्ट की अनुमति के बाद दोनों के परिवार के आठ लोगों का टेस्ट कराया जा रहा है।
टेस्ट की प्रक्रिया लखनऊ लैब में पांच से नौ अक्तूबर के बीच होगी। इनमें मृतक के भाई प्रीतम सिंह, बहन राजकुमारी, क्रांति और प्रीतम के चालक अनूप, वहीं पत्नी सरोज, साले सतेंद्र, जितेंद्र और यतेंद्र शामिल हैं। दोनों पक्षों से पूछने के लिए 15 से 20 सवालों की सूची तैयार की गई है।