पटियाली। जिले में बिना पंजीकरण के संचालित चिकित्सकों के क्लीनिक, पैथोलॉजी लैब, अस्पताल आदि के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का जांच अभियान लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को पटियाली और दरियावगंज में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान एक चिकित्सक का क्लीनिक और एक पैथोलॉजी लैब को सीज करने की कार्रवाई की गई।
जिले में डीएम हर्षिता माथुर के निर्देश पर पिछले एक सप्ताह से अभियान जारी है। कासगंज, सहावर, अमांपुर, गंजडुंडवारा में कार्रवाई के बाद अब पटियाली, दरियावगंज क्षेत्र में यह अभियान चल रहा है। अभियान के प्रभारीं एसीएमओ अवनींद्र कुमार व डिप्टी सीएमओ, सीएचसी प्रभारी डॉ. कुलदीप ने टीम के साथ डॉ. उमेश कुमार शर्मा के क्लीनिक की जांच की। यह क्लीनिक सीज किया गया। क्लीनिक का पंजीकरण नहीं पाया गया। वहीं, दरियावगंज में गजेंद्र पैथोलॉजी लैब मानक के अनुरूप संचालित नहीं थी और न ही पंजीकरण था। इस पैथोलॉजी लैब को भी सीज किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम की कार्रवाई को देखकर पटियाली और दरियावगंज में तमाम गैर पंजीकृत चिकित्सकों ने अपने क्लीनिक बंद कर दिए।