आगरा में दुकान को लेकर बवाल: पथराव-मारपीट में पूर्व जिला पंचायत सदस्य समेत छह घायल, बाजार बंद
कस्बा स्याहीपुरा में दुकान के विवाद को लेकर सोमवार की सुबह पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत शुरू होने से पहले ही दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए। जमकर बवाल हुआ।
विस्तार
पिनाहट के गांव स्याहीपुरा में दुकान को लेकर कब्जेदार और खरीदार में सोमवार को विवाद हो गया। दोनों ओर से हुए पथराव के कारण बाजार मे अफरा तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके भाग खड़े हुए। पथराव में दोनों पक्ष से छह लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस मेडिकल के लिए भिजवाया है।
बसई अरेला के स्याहीपुरा गांव में बाह निवासी सुभाष तिवारी की दुकान है। इसमें पुरा सुताहरी निवासी मोहर सिंह वर्मा मिठाई की दुकान चलाता है। पुरा सुताहरी निवासी राम सेवक मल्ल ने कुछ महीने पहले यह दुकान सुभाष से खरीद ली थी। इसके बाद उसने दुकान खाली करने के लिए कई बार मोहर सिंह से कहा। वहीं मोहर का कहना था कि सुभाष ने दुकान के एवज में उससे भी करीब दस लाख रुपये लिए हैं। पैसा मिलने तक वह दुकान नहीं खाली करेगा।
इस बात को लेकर सोमवार को दोनों पक्षों की पंचायत होनी थी। पंचायत से पहले ही दोनों पक्षों मे झगड़ा हो गया और दोनों ओर से लाठी डंडे के बाद पथराव हो गया। पत्थरबाजी से आसपास की दुकानों का सामान भी टूट गया। झगड़ा बढ़ने पर लोग अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ा। पथराव में दोनों पक्ष के छह लोग घायल हो गए।
एक पक्ष से रामसेवक, गजेंद्र, कृष्ण मुरारी, विवेक तथा दूसरे पक्ष से मोहर सिंह, प्रदीप घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। एसओ बसई अरेला तेजवीर सिंह ने बताया कि घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत शुरू होने से पहले हुई मारपीट
दुकान के विवाद को लेकर सोमवार की सुबह पंचायत बुलाई गई। जिसमें दोनों पक्षों के लोग पहुंचे। पंचायत शुरू होने से पहले ही दोनों पक्ष के लोगों में गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। ईंट-पत्थर फेंके गए। दुकान में भी तोड़फोड़ हुई। उसमें रखा सामान बाहर फेंक दिया गया। बवाल होने से बाजार में दहशत फैल गई। दुकानें बंद हो गईं।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।