मैनपुरी। बिजली चोरी रोकने को चलाए जा रहे अभियान के तहत बृहस्पतिवार को 29 टीमों ने जिले भर में अभियान चलाया। टीमों ने घर घर जाकर बिजली बिल जमा नहीं होनेे पर 432 घरों के कनेक्शन काट दिए। 43 घरों से टीमों ने घरों के बाहर लगे मीटर भी उखाड़ लिए।
बृहस्पतिवार को बिजली विभाग की 29 टीमों ने बकाएदारों और बिजली चोरों के खिलाफ जिले भर में अभियान चलाया। अधीक्षण अभियंता रवि कुमार अग्रवाल, अधिशासी अभियंता मागेंद्र अग्रवाल, आशीष गुप्ता, जीएसएल भटनागर की देखरेख में बिजली विभाग की टीमों ने कार्रवाई की। तीन हजार से अधिक के बकाएदारों की सूची के आधार पर एसडीओ और जेई के नेतृत्व वाली टीमों ने घर-घर जाकर बकाया बिजली बिल जमा नहीं होने पर 432 घरों के कनेक्शन काट दिए। बकाया बिल जमा नहीं होने वाले 43 घरों के बाहर लगे बिजली के मीटर भी उखाड़ लिए। बकाएदारों को बिल जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए। बिल जमा नहीं होने पर कनेक्शन काटकर मीटर उखाड़ लेने की चेतावनी दी। घरों में कटिया केबल से बिजली चोरी में प्रयोग की जा रही केबल जब्त कर ली। अधिशासी अभियंता मागेंद्र अग्रवाल ने बताया बकाएदारों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। 31 अगस्त तक बकाया जमा नहीं होने पर एक सितंबर से आरसी से वसूली कराई जाएगी।