Taj Mahal: ऑनलाइन टिकट की आड़ में पर्यटकों से धोखाधड़ी, इस तरह चल रहा खेल
ताज पर ऑनलाइन टिकट की आड़ में पर्यटकों से धोखाधड़ी हो रही है। 45 रुपये वाले टिकट का मूल्य 80 से 100 रुपये तक वसूला जा रहा है। लपकों के साथ कुछ बच्चे भी अवैध टिकट बिक्री में शामिल हैं।
विस्तार
ताजमहल पर ऑनलाइन टिकट की आड़ में पर्यटकों से धोखाधड़ी हो रही है। टिकट खिड़की पर भीड़ रहती है। उससे बचने के चक्कर में पर्यटक लपकों के चंगुल में फंस जा रहे हैं। 45 रुपये वाले टिकट का मूल्य 80 से 100 रुपये तक वसूला जा रहा है। लपकों के साथ कुछ बच्चे भी अवैध टिकट बिक्री में शामिल हैं।
पश्चिमी गेट पर 10 टिकट खिड़की है। पर दो भारतीय खिड़की (एक महिला, एक पुरुष) और एक विदेशी पर्यटकों के लिए कुल 3 टिकट खिड़की खुलती हैं। जिन पर टिकट के लिए लंबी कतार रहती है। इसका फायदा लपके उठा रहे हैं। 12 से 14 साल के बच्चों के हाथ में मोबाइल थमा ऑनलाइन टिकट बिकवा रहे हैं।
मंगलवार को अमर उजाला पड़ताल में टिकट खिड़की के सामने 14 साल का बच्चा अधिक मूल्य पर टिकट बेचता मिला। टिकट खिड़की से थोड़ा आगे जहां पर्यटन पुलिस चौकी है। वहां लपके पर्यटकों को जल्दी टिकट दिलाने के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी कर रहे हैं।
फर्जी टिकट का भी खेल
ताजमहल पर फर्जी टिकट बेचने का खेल चल रहा है। एक बार इस्तेमाल हो चुकी टिकटों को दोबारा बेच दिया जाता है। पिछले दिनों ओडिशा और महाराष्ट्र से आए पर्यटक समूह के साथ ऐसा हो चुका है।
लगातार कर रहे कार्रवाई
एसीपी ताज सुरक्षा सैय्यद अरीब अहमद ने बताया कि टिकटों की फिर से बिक्री, ब्लैक व पर्यटकों से धोखाधड़ी में लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। जिन दुकानों पर प्रिंटर हैं, उन्हें नोटिस दिए हैं। वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।