डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि: पांच मार्च को होगा 89वां दीक्षांत समारोह, कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी अध्यक्षता
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 89वां दीक्षांत समारोह पांच मार्च को आयोजित होगा। इसकी अध्यक्षता कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। इसकी सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 89वां दीक्षांत समारोह पांच मार्च को सुबह 11 बजे से स्वामी विवेकानंद परिसर, खंदारी के शिवाजी मंडपम में आयोजित होगा। अध्यक्षता कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी।
मुख्य अतिथि वैज्ञानिक व औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की महानिदेशक डॉ. एन. कलैसेल्वी होंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षामंत्री योगेंद्र उपाध्याय और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी को शामिल होना है। पूर्वाभ्यास सोमवार को सुबह 11 बजे से होगा।
जेपी सभागार में रविवार को कुलपति प्रो. आशुरानी ने दीक्षांत समारोह के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समारोह की अधिकतर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। समारोह में 120 पदक दिए जाएंगे। इनमें से 105 स्वर्ण और 15 रजत पदक होंगे। छात्राओं को 91 व छात्रों 29 पदक मिलेंगे। 1,36,833 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी। इसमें 97 पीएचडी और चार डी.लिट की डिग्री भी शामिल हैं।
डिग्री को डिजिलॉकर में अपलोड कर दिया गया है। समारोह में 30 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए किट, 30 प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री दी जाएगी। 105 महिला टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की जाएगी। जिन्हें विवि के सामुदायिक रेडियो के माध्यम से शिक्षकों व कर्मचारियों ने गोद लिया है।
इनका होगा लोकार्पण व शिलान्यास
स्वामी विवेकानंद परिसर में छात्र परिषद भवन, नवग्रह वाटिका व आरोग्य वाटिका, विश्वविद्यालय आरोग्य केंद्र, बेसिक विज्ञान विभाग में सौर ऊर्जा संयंत्र, एआई कंप्यूटर लैब, कुलाधिपति निलयम, स्कूल ऑफ लाइफ साइंस में पर्यावरण विज्ञान प्रयोगशाला, लेक्टर कैप्चरिंग फेसिलिटी सेंटर, पालीपाल पार्क परिसर में केएम मुंशी अभिलेख धरोहर संग्रहालय व शोध केंद्र, छलेसर परिसर में सौर ऊर्जा संयंत्र, महाराणा प्रताप छात्रावास, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम का शिलान्यास होगा।
वार्ता में प्रति कुलपति प्रो. अजय तनेजा, डीन अकादमिक प्रो. संजीव कुमार, प्रो. मोहम्मद अरशद, चीफ प्रॉक्टर प्रो. मनु प्रताप सिंह, कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश, पूजा सक्सेना, डॉ. स्वेतलाना, तरुण श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, डॉ. संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।