Agra: हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता के खिलाफ मुकदमा, उदयपुर हत्याकांड के विरोध में दिया था भड़काऊ बयान
अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रवक्ता ने उदयपुर में दर्जी की हत्या करने वाले दो लोगों के सिर पर 2 लाख का इनाम घोषित किया था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने सख्त कदम उठाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट को उदयपुर हत्याकांड के विरोध में भड़काऊ बयान देना भारी पड़ गया। उनके खिलाफ थाना नाई की मंडी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करेगी। उनके बयान का वीडियो वायरल हुआ था।
राजस्थान के उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या के विरोध में बुधवार को जिलेभर में विरोध प्रदर्शन हुए थे। अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे थे। ज्ञापन देने के बाद राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट ने बयान दिया।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने किया था यह एलान
उन्होंने प्रधानमंत्री और नूपुर शर्मा को जान से मारने की धमकी देने वाले लोगों का सिर कलम करके लाने वाले को महासभा की ओर से दो लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। भड़काऊ बयान देने पर संजय जाट के खिलाफ थाना नाई की मंडी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि उदयपुर की घटना के बाद पुलिस का अलर्ट है। सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। संजय जाट ने भड़काऊ बयान दिया। इस पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पूर्व जिलाध्यक्ष पर भी दर्ज हो चुका है मुकदमा
अखिल भारत हिंदू महासभा के पूर्व जिलाध्यक्ष रौनक ठाकुर और पूर्व कार्यकर्ता के खिलाफ हाल ही में थाना लोहामंडी में मुकदमा दर्ज किया गया था। उनका लेन-देन की बातचीत करने का आडियो वायरल हुआ था।
जांच के बाद यह मुकदमा लिखा गया। रौनक ठाकुर के खिलाफ पहले से थाना सिकंदरा में भी मुकदमा दर्ज है। यह अब तीसरा मामला है, जबकि महासभा के पदाधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।