Agra: एसएन मेडिकल कॉलेज में कैंसर रोगियों के लिए बनेगा 150 बेड का सुपर सेंटर, चार मंजिला होगी इमारत
कैंसर मरीजों को उपचार के लिए दिल्ली या जयपुर नहीं जाना पड़ेगा। आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में ही कैंसर सुपर सेंटर बनाने की योजना है। कॉलेज प्रशासन ने इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज और लेडी लॉयल के दोनों परिसरों को मिलाकर एक कैंसर सुपर सेंटर बनाया जाएगा। यह इंटीग्रेटेड योजना में स्थापित होगा। इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने प्रस्ताव बनाकर बुधवार को शासन को भेज दिया। शासन की स्वीकृति के बाद इसके बजट और पदों के सृजन पर निर्णय होगा।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि कैंसर मरीजों के स्तरीय इलाज के लिए अलग से कैंसर अस्पताल का प्रस्ताव बनाया है। इसमें चार मंजिला इमारत होगी। 150 बेड की सुविधा होगी। भूतल पर रिसेप्शन, मरीजों के पंजीकरण, दवा काउंटर और दवाओं के वितरण की व्यवस्था होगी। पहली मंजिल पर ओपीडी और तीसरी मंजिल पर रेडियोथेरेपी सेंटर और बायोप्सी जांच के लिए सैंपल कलेक्शन सेंटर होगा।
सुपर सेंटर में लगेंगी अत्याधुनिक मशीनें
चिकित्सकों के लिए चैंबर भी बनाए जाएंगे। इसे चौथी या फिर सुविधानुसार स्थापित किया जाएगा। इसमें अत्याधुनिक नई मशीन और उपकरण की खरीद होगी। एक ही छत के नीचे कैंसर के मरीजों को पर्चा बनवाने से लेकर दवाएं प्राप्त करने तक की सुविधा मिलेगी। इसमें ओपीडी से लेकर सर्जरी तक की व्यवस्था होगी। मरीज को ऑपरेशन के लिए सर्जरी विभाग स्थानांतरित करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
15 विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी नियुक्ति
प्राचार्य ने बताया कि सुपर सेंटर में 15 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति होगी। नर्सिंग स्टाफ के अलावा रेडियोथेरेपी टेक्नीशियन की भी भर्ती की जाएगी। इसमें नर्सिंग स्टाफ और रेडियोथेरेपी टेक्नीशियन के पद अभी तय नहीं हैं। इस सेंटर में मुंह, गले, स्तन, सर्वाइकल कैंसर समेत विभिन्न तरह के कैंसर का इलाज मिल सकेगा। दो से चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर भी होंगे।
आसपास के राज्यों को भी सुविधा
एसएन के कैंसर रोग विभाग में 100 से अधिक मरीज ओपीडी में दिखाने आते हैं। रेडियोथेरेपी कराने वालों की संख्या भी 40-50 है। यहां उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अलावा राजस्थान, मध्यप्रदेश के भी मरीज इलाज कराने के लिए आते हैं। कैंसर रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक आर्या का कहना है कि नया अस्पताल बनने से मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
45 एकड़ में बनना है इंटीग्रेटेड प्लान
प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश शर्मा ने बताया कि एसएन और लेडी लॉयल के दोनों परिसर को मिलाकर करीब 45 एकड़ जमीन पर मिनी एम्स की तर्ज पर एसएन को विकसित किया जाएगा। इसी में कैंसर सुपर सेंटर भी बनना है। लेडी लॉयल व एसएन की 90 से अधिक जर्जर इमारतें तोड़ी जाएंगी। इसका प्रस्ताव बनाकर लोक निर्माण विभाग ने शासन को भेज दिया है, हालांकि अभी तक वहां से स्वीकृति नहीं मिली है।