फिरोजाबाद में बिन दुल्हन लौटी बरात: वरमाला के बाद हुआ था विवाद, सुबह तक चली पंचायत, नहीं बनी बात
वरमाला के बाद लड़की के मामा और बरातियों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद बात बढ़ती ही चली गई। मामला पुलिस तक पहुंच गया। बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद के खैरगढ़ में वरमाला के बाद लड़का पक्ष और लड़की पक्ष के बीच विवाद होने पर लड़की पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए। रात में हंगामा भी हुआ। सुबह तक पंचायत चली, लेकिन लड़की पक्ष ने बेटी की शादी करने से साफ इंकार कर दिया। जिससे बरात बिन दुल्हन के लौट गई।
खैरगढ़ क्षेत्र के गांव नगला नत्थे निवासी युवती का रिश्ता आगरा के खंदौली क्षेत्र के गांव उस्मानपुर मिश्रि का बुजुर्ग निवासी एक युवक के साथ तय हुआ था। शुक्रवार को युवक बरात लेकर नगला नत्थे पहुंचा। दरवाजे की रस्म के बाद वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था। तभी लड़की के मामा और बरातियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
सुबह तक चली पंचायत, नहीं बनी बात
मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे। ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। लड़की पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। ग्रामीणों ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया। दोनों पक्षों के बीच सुबह तक पंचायत चली। लेकिन बात नहीं बन सकी।
इस बीच लड़का पक्ष ने लड़की पक्ष पर दूल्हे को बंधक बनाने की जानकारी खैरगढ़ थाना पुलिस को दे दी। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। तब तक दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।
किसी भी पक्ष ने नहीं दी तहरीर
थानाध्यक्ष खैरगढ़ विनय कुमार भारद्वाज का कहना है कि नगला नत्थे में आगरा के खंदौली से बरात आई थी। लड़का पक्ष ने दूल्हे को बंधक बनाने की सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी। तब तक दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। बरात बिन दुल्हन के वापस चली गई है। किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं आई।