परिवार परामर्श केंद्र: फूट-फूटकर रोई लड़की, बोली- आठ साल लिव इन रिलेशन में रही, दो बार हुई गर्भवती, अब प्रेमी ने फेरा मुंह
तीन महीने से परिवार परामर्श केंद्र में दोनों की काउंसिलिंग चल रही है। पिछले दो बार से प्रेमी तरीख पर परिवार परामर्श केंद्र नहीं आया। जिससे आहत युवती रोनो लगी और आपबीती सुनाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आठ साल लिव इन रिलेशनशिप में रहने के बाद युवक शादी से मुकर गया। युवती और उसके घरवालों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा। दोनों की काउंसिलिंग की गई। दबाव बना तो युवक शादी के लिए राजी हो गया। लेकिन पिछली दो तारीखों से काउंसिलिंग के लिए नहीं पहुंचा। रविवार को युवती केंद्र पर रोने लगी। मामले में अगली तारीख दी गई है। रविवार को परिवार परामर्श केंद्र पर कुल 30 मामलों में काउंसिलिंग की गई। पांच मामलों में सुलह हो गई। तीन मामलों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शाहगंज निवासी युवती की मुलाकात आठ साल पहले मलपुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक से एक प्राइवेट स्कूल में हुई थी। स्कूल में युवती पढ़ाती थी, वहीं युवक मैनेजमेंट का काम देखता था। दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। युवती का कहना है कि इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई। युवक शादी का वादा करता लेकिन तारीख तय करने की बात टाल जाता। पहले बड़ी बहन की शादी होने तक रुकने के लिए कहा। बाद में शादी से इंकार कर दिया।
पुलिस से शिकायत के बाद मामला परिवार परामर्श केंद्र में पहुंचा। तीन महीने से काउंसिलिंग की जा रही है। दो तारीखों में युवक परिवार के साथ काउंसिलिंग के लिए आया, लेकिन अब बीमारी की बात कहते हुए नहीं आ रहा। रविवार को युवती काउंसलर के सामने रोने लगी। उन्होंने समझाया। युवती का आरोप है कि वह बीमारी का बहाना बना रहा है।
युवक शादी के लिए तैयार है
परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी कमर सुल्ताना ने बताया कि ऐसा मामला केंद्र पर आया है। युवक और उसके घरवालों को बुलाकर काउंसिलिंग भी की गई है। इसके बाद वह युवती से शादी करने के लिए तैयार हो गया है। अब दो बार से काउंसिलिंग के लिए नहीं आया है। मामले में अगली तारीख दी गई है।
पति बोला- रोज सेल्फी लेंगे और पत्नी मान गई
छोटी-छोटी बातों से शुरू हुई अनबन दांपत्य जीवन में दरार डाल रही है। संबंध इतने बिगड़ जाते हैं कि मामला परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच जाता है। रविवार को ऐसे ही एक मामले में सुलह हुई। पत्नी का कहना था कि पति उसके साथ सेल्फी नहीं लेता। एक महीने से दोनों की काउंसिलिंग चल रही थी। रविवार को काउंसिलिंग में फिर पत्नी बोली कि पति उसके प्यार को समझता नहीं है। डीपी पर लगाने के लिए साथ में एक सेल्फी की भी कहूं तो नहीं मानता। इस पर पति ने कहा कि अब वह रोज साथ में सेल्फी लेगा। दोनों मुस्कराए और बात बन गई। साथ में घर गए।
करेले का जूस पीने पर दी सहमति तो बनी बात
एक अन्य मामले में पति की सेहत की चिंता विवाद की वजह बनी हुई थी। महिला की शिकायत थी कि पति को डायबटीज की बीमारी है लेकिन वह उसका बनाया करेले और लौकी का जूस नहीं पीता। इसके लिए रोज झगड़ा करता है। उन्होंने पति के घरवालों की अधिक बात मानने का भी आरोप लगाया। दो माह से दोनों की काउंसिलिंग की जा रही थी। रविवार को बात बन गई। पति ने अपनी गलती मानी। कहा कि अब वह करेले का जूस बिना झगड़ा किए पी लिया करेगा, बस वह घर चले।