आगरा: राशन के गेहूं और चावल की कालाबाजारी का पकड़ा गया खेल, 350 बोरे बरामद, इन प्रदेशों में होती है सप्लाई
आगरा के बिचपुरी में पेट्रोल पंप के बने गोदाम पर सूचना के आधार पर पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी की। टीम ने यहां से राशन के 350 बोरे बरामद किए हैं। गोदाम मालिक भंडारण से संबंधित लाइसेंस नहीं दिखा सका है। उसने बताया कि दो महीने से गोदाम चला रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में थाना जगदीशपुरा के बिचपुरी स्थित एसआर पेट्रोल पंप के पीछे बने एक गोदाम पर गुरुवार को पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी कर चावल व गेहूं के 350 बोरे बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि इनके राशन के होने की आशंका है। गोदाम मालिक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
सीओ लोहामंडी अर्चना सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि गोदाम में राशन का गेहूं और चावल जमा किया जा रहा है। इसके बाद दूसरे प्रदेश के जिलों में भेजा जाता है। इसकी कालाबाजारी हो रही है। इस पर क्षेत्रीय आपूर्ति अधिकारी अजय चौहान, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी योगेंद्र कुमार के साथ छापा मारा गया।
सीओ ने बताया कि गोदाम मालिक मलपुरा निवासी हेमेंद्र सिंह उर्फ गोपाल से पूछताछ की गई। मालिक भंडारण से संबंधित लाइसेंस नहीं दिखा सका। उसने बताया कि दो महीने से गोदाम चला रहा है। वहीं राशन का बारदाना भी बरामद किया गया है। पुलिस ने इसे भी कब्जे में लिया है। गोदाम 500 वर्ग गज में बना हुआ है। इसमें नमकीन की फैक्टरी भी संचालित हो रही थी। हालांकि पुलिस के छापे के दौरान बंद पड़ी थी।
गांव-गांव से दलाल राशन कर रहे इकट्ठा
क्षेत्रीय आपूर्ति अधिकारी अजय चौहान ने बताया कि राशन कार्ड धारकों को प्रति यूनिट पांच-पांच किलोग्राम राशन महीने में दो बार मिलता है। इसमें दो किलेाग्राम चावल और तीन किलोग्राम गेहूं होता है। गोदाम में चावल और गेहूं के 350 बोरे मिले हैं। इनमें किसी का वजन 20 तो किसी का 30 किलोग्राम तक है। जानकारी में आया है कि मोपेड पर गेहूं और चावल के कट्टे दलाल लेकर आते हैं। वह गांव-गांव में घूमते हैं। राशन कार्ड धारकों से चावल और गेहूं 14 से 15 रुपये में खरीदते हैं। दो से तीन रुपये ऊपर में गोदाम मालिक को बेच देते हैं। वो इस चावल और गेहूं को ट्रकों की मदद से दिल्ली और हरियाणा में ले जाता है।
पुलिस ने कहा जांच के लिए भेजेंगे नमूने
पुलिस ने बताया कि गेहूं और चावल के नमूने लिए गए हैं। इनको जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। गोदाम में मजदूर भी काम कर रहे थे, जोकि पुलिस के आने के बाद कहीं चले गए।
पहले भी पकड़े गए हैं मामले
आगरा में पहले भी राशन के गेहूं और चावल की कालाबाजारी के मामले पकड़े जा चुके हैं। खंदौली, छलेसर और एत्माद्दौला क्षेत्र में गोदाम पकड़े गए थे। एक हजार से अधिक बोरे मिल चुके हैं। पुलिस ने मुकदमे भी दर्ज किए थे।