बीएड के छात्रों की नहीं हो रही सुनवाई, डिग्री के लिए विश्वविद्यालय में धरना जारी
बीएड 2012 और 2013 के छात्र डिग्री के लिए गुरुवार से धरने पर बैठे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जल्द डिग्री जारी करने की बात कही जा रही है, लेकिन छात्र लिखित में यह आश्वासन मांग रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन इस पर राजी नहीं है, ऐसे में छात्र गणतंत्र दिवस और रविवार को भी धरने पर बैठे रहे। छात्रों से मिलने के लिए विश्वविद्यालय से कोई अधिकारी भी नहीं पहुंचा है।
30 जनवरी से पहले डिग्री देने की मांग
छात्रों का कहना है कि 30 जनवरी को 69 हजार सहायक अध्यापकों की नियुक्ति के लिए काउंसलिंग शुरू हो रही है। डिग्री बिना इसमें शामिल नहीं हो पाएंगे। 30 जनवरी से पहले उनको डिग्री दी जाए।
विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. गिरिजाशंकर शर्मा का कहना है कि बीएड का मामला कोर्ट में चल रहा है। पात्र छात्रों को फरवरी के पहले सप्ताह में प्रोविजनल डिग्री देने को कहा है, लेकिन छात्र तैयार नहीं हैं।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में नहीं होने दिया शामिल
बीएड छात्र डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष धरना दे रहे थे। शनिवार को गणतंत्र दिवस पर यहां कार्यक्रम था, ऐसे में धरना दे रहे छात्रों को हटाकर जुबली हॉल में भेज दिया।
छात्र रात में यहीं रहे और रविवार की सुबह फिर से प्रतिमा के समक्ष धरना शुरू कर दिया। छात्र आशीष यादव ने बताया कि छात्रों ने गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने की बात कही, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऐसा नहीं करने दिया।