Agra Crime: बीएएमएस छात्र ने गूगल से डाउनलोड किया एप, पिन डालते ही खाते से कट गई रकम
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार का कहना है कि उन्हें प्रार्थनापत्र हाल में ही मिला है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार
आगरा में एक मेडिकल छात्र के साथ हुई साइबर ठगी का मामला एक साल बाद एत्माद्दौला थाने में दर्ज किया गया। वह थाने से लेकर साइबर सेल तक गुहार लगा रहा था। गूगल से फर्जी एप डाउनलोड कर लेने की वजह से उसके खाते से 18 हजार रुपये कट गए थे।
बजरंग नगर, एत्माद्दौला निवासी प्रमोद गुप्ता का बेटा अनुज लखनऊ के कालेज से बीएएमएस कर रहा है। प्रमोद ने बताया कि वह बेटे को ई-वालेट से रकम भेजते हैं। 4 अगस्त 2021 को अनुज ने अपने मोबाइल पर ई-वालेट कंपनी पेटीएम का एप डाउनलोड करने के लिए गूगल पर सर्च किया। उन्हें एक एप की जानकारी मिली। उन्होंने उस पर क्लिक कर दिया। इससे दूसरा एप डाउनलोड हो गया। एक पेज खुला। इसके बाद खाते की जानकारी मांगी गई। खाते की जानकारी भरते ही 18 हजार रुपये कट गए। बाद में दो बार में 500 और 87 रुपये फिर कटे। मोबाइल पर मैसेज आने पर उन्हें जानकारी हुई।
अब दर्ज हुआ मुकदमा
उन्होंने बैंक और पुलिस से शिकायत की। मोबाइल में फर्जी एप का पता चलने पर डिलीट कर दिया। प्रमोद ने बताया कि वह शिकायत करने फाउंड्री नगर पुलिस चौकी पर गए थे। वहां से साइबर सेल भेज दिया गया। तहरीर लेने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। अब मामले में थाना एत्माद्दौला में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार का कहना है कि उन्हें प्रार्थनापत्र हाल में ही मिला है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
सर्च करते समय बरतें सावधानी
साइबर सेल के मुताबिक, गूगल पर सर्च करते समय सावधानी की जरूरत है। कोई भी मोबाइल एप प्ले स्टोर से ही डाउनलोड करना चाहिए। अपने खाते की जानकारी किसी को नहीं बतानी चाहिए।