टूंडला(फिरोजाबाद)। बकरीद के त्योहार को लेकर बाजार में रौनक दिखाई देने लगी है। कोरोना के चलते इस बार घरों में ही बकरीद की नमाज अदा की जाएगी। फिर भी बाजार में पर्व को लेकर लोगों द्वारा खरीदारी की जा रही है। कोरोना संक्रमण के चलते देश में विविध पर्व-त्योहारों पर होने वाले भव्य आयोजनों, मंदिर-मस्जिद में एकत्र होने आदि पर रोक लगी हुई है। ऐसे में इस बार मुस्लिम समाज के लोग मस्जिदों में जाकर ईद की नमाज नहीं पढ़ सकेंगे।
कुर्बानी के लिए बकरों की लगने वाली मंडी भी इस बार लगती नजर नहीं आ रही है, परंतु ईद पर नए कपड़े व अन्य सामान की खरीदारी की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मुईनुद्दीन कुरैशी, शाहिद खान का कहना है कि इस बार मस्जिदों में नमाज अदा न करने का मलाल रहेगा, परंतु संक्रमण से बचने के लिए ऐसा करना भी जरूरी है। इसलिए सभी लोग घरों में ही रहकर नमाज अदा करेंगे और देश से कोरोना की विदाई के लिए अमन-चैन की दुआ करेंगे।