फिरोजाबाद: 22 माह की बच्ची की हत्या से सनसनी, कब्रिस्तान के पास पड़ा मिला शव
- ताड़ोवाली बगिया स्थित टाल के समीप मिला बालिका का शव, पिता ने चार के खिलाफ दर्ज कराया हत्या का मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद जिले के थाना रसूलपुर क्षेत्र में सोमवार रात 22 महीने की बच्ची की हत्या कर दी गई। उसका शव ताड़ो वाली बगिया कब्रिस्तान के पास पड़ा मिला। बच्ची के पिता ने पड़ोसी सहित उसके तीन बेटों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच कर रही है।
रसूलपुर क्षेत्र के मोहल्ला मशरूरगंज निवासी इरशाद पुत्र एजाज की 22 माह की बेटी मायरा सोमवार रात तकरीबन 8.20 बजे करीब घर के बाहर खेलते-खेलते हुए लापता हो गई थी। उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई पता नहीं चला। इस पर परिजनों ने मस्जिद से एलान कराने के साथ चाइल्ड लाइन में संपर्क किया।
रात तकरीबन सवा 12 बजे बच्ची का शव कब्रिस्तान के पास पड़ा मिला। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बच्ची की गला रेतकर हत्या की गई थी। सूचना पर एसएसपी सचिंद्र पटेल, एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र, सीओ सिटी हरिमोहन सिंह सहित काफी फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की।
'साजिश के तहत की गई बेटी की हत्या'
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल को भेजा। हत्या के मामले में मृतका के पिता इरशाद ने मोहल्ला मशरूरगंज निवासी गफ्फार, उसके बेटे वसीम, सलमान और अरबाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़ित का कहना है कि बेटी की हत्या साजिश के तहत की गई है। एक अगस्त को भी गफ्फार और उसके बेटों ने घर पर आकर गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी शिकायत अफसरों से की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बच्ची का कब्रिस्तान के सामने फरहान की टाल के पास शव मिला है। हालांकि शव के पास खून नहीं मिला। इससे साफ है कि बच्ची की कहीं और हत्या करने के बाद यहां उसका शव फेंका गया है। पुलिस अधिकारी इसकी जांच पड़ताल कर रहे हैं।
एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि थाना रसूलपुर में मृतका के पिता की तहरीर पर गफ्फार एवं उनके बेटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच पड़ताल के साथ कार्रवाई की जाएगी।