Agra: ताज देखने आया अर्जेंटीना का पर्यटक कोविड संक्रमित, सीएमओ ने होटल संचालकों से मांगा रिकॉर्ड
अर्जेंटीना का पर्यटक ताज देखने के बाद किस होटल में रुका और कितने लोगों के संपर्क में रहा ? इसे लेकर पूरे दिन स्वास्थ्य विभाग में हलचल मची रही। स्वास्थ्य टीमें उसका पता लगाने में जुटी हैं।
विस्तार
ताजमहल का दीदार करने आया अर्जेंटीना का पर्यटक कोविड संक्रमित पाया गया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी होटलों से अर्जेंटीना के पर्यटकों के रुकने संबंधी ब्यौरा मांगा है। 26 दिसंबर को पर्यटक का सैंपल लिया गया था। बुधवार को इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। सीएमओ ने सभी होटल प्रबंधकों से पर्यटकों के रुकने और लोगों के संपर्क की जानकारी देने को कहा है।
अर्जेंटीना का पर्यटक ताज देखने के बाद किस होटल में रुका और कितने लोगों के संपर्क में रहा ? इसे लेकर पूरे दिन स्वास्थ्य विभाग में हलचल मची रही। स्वास्थ्य टीमें उसका पता लगाने में जुटी हैं। सीएमओ ने इसके लिए ई-मेल आईडी dsuidspagra@gmail.com जारी की है। इस पर होटल संचालक अर्जेंटीना के पर्यटकों की जानकारी दे सकते हैं।
ताज पर न मास्क, न शारीरिक दूरी का हो रहा पालन
ताजमहल पर बीते शुक्रवार को सेनिटाइजेशन कराया गया। यहां कोविड जांच की सुविधा भी शुरू की गई। इसके बावजूद कोविड गाइड लाइन का पालन यहां नहीं किया जा रहा है। अर्जेंटीना के पर्यटक के कोविड पॉजिटिव मिलने के बाद भी ताजमहल पर बुधवार को पर्यटक बिना मास्क पहने नजर आए। न ही शारीरिक दूरी का पालन करते दिखे। ताजमहल के पश्चिमी गेट के साथ पूर्वी गेट और रेड सैंड स्टोन प्लेटफार्म पर पर्यटकों का सैलाब दिखाई दिया।
सीएमओ डॉ अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि पर्यटक जिस होटल में ठहरा है उसका पता नहीं दिया है। केवल स्थान का नाम शाहगंज दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम होटलों में जाकर पर्यटक को तलाश रही है।