आगरा: आंबेडकर विवि की इस देरी से मुश्किल में पड़ सकता हैं छात्र-छात्राएं, एक साल बर्बाद होने का सता रहा डर
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की फरवरी में खत्म हुई परीक्षाओं का परिणाम देरी से आ पाएगा। दरअसल अभी तक इन परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन तक नहीं हो पाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन अभी तक पहले से संचालित सेमेस्टर पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं का परिणाम जारी नहीं कर सका है। छात्र-छात्राओं का इंतजार बढ़ता जा रहा है। परीक्षाएं फरवरी में ही करा ली गई थीं, अभी तक कॉपियों का मूल्यांकन कार्य पूरा नहीं हो सका है। परीक्षा परिणाम के लिए छात्र-छात्राओं को अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा।
बीएससी कृषि, बीबीए, बीसीए के अलावा विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर के संस्थानों व विभागों में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं फरवरी 2022 में संपन्न हुई थीं। कोरोना महामारी की वजह से सत्र प्रभावित होने से परीक्षाएं देर से कराई थीं, इनका आयोजन दिसंबर 2021 में ही होना था। फरवरी में कराई जा सकीं।
वहीं होली के बाद से ही संस्थानों व विभागों ने सम सेमेस्टर की कक्षाएं शुरू करा दीं। जून में इनकी परीक्षाएं भी होनी हैं, जो कि विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण हैं। सम सेमेस्टर की परीक्षा कराने से पहले विषम सेमेस्टर का परिणाम घोषित करना होगा। अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को अन्य कहीं प्रवेश लेने में कठिनाई आ सकती है।
मई के दूसरे सप्ताह तक दे दिया जाएगा परिणाम
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव ने बताया कि सेमेस्टर परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य चल रहा है। दीक्षांत समारोह की तैयारियों की व्यस्तता की वजह से मूल्यांकन कार्य में कुछ देरी जरूर हुई है। पूरी कोशिश है कि सेमेस्टर परीक्षाओं का परिणाम मई के दूसरे सप्ताह तक दे दिया जाए।
बीएड का परीक्षा फॉर्म भरने के लिए 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के बीएड पाठ्यक्रम के परीक्षा फॉर्म 25 अप्रैल तक भरे जाने हैं। लॉगिन आईडी खोल दी गई है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव की ओर से सभी बीएड कॉलेजों के प्राचार्यों को पत्र जारी किया गया है कि 75 फीसदी उपस्थिति होने पर ही छात्र-छात्राएं बीएड परीक्षा का परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पात्र होंगे। कॉलेजों से बीएड के छात्र-छात्राओं का उपस्थिति प्रमाणपत्र मांगा गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कॉलेजों को प्रोफॉर्मा उपलब्ध कराया गया है, इस पर तत्काल जानकारी मांगी गई है। पाठ्यक्रम का नाम, काउंसिलिंग का अनुक्रमांक, छात्र-छात्रा का नाम, उपस्थिति का प्रतिशत और अभियुक्ति की रिपोर्ट देनी है। बीएड कॉलेजों में काउंसिलिंग के माध्यम से प्रवेश लेने वाले सत्र 2021-23 के प्रथम वर्ष के संस्थागत/भूतपूर्व और बीएड सत्र 2020-22 के द्वितीय वर्ष के संस्थागत/भूतपूर्व छात्र-छात्राओं का परीक्षा फॉर्म भरा जा रहा है।