दीक्षांत समारोह: आगरा विवि देगा इस बार ये नौ नए पदक, मिल गई मंजूरी
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 87वां दीक्षांत समारोह 29 मार्च को आयोजित किया जाएगा। इस बार आगरा विवि नौ नए पदक देगा। बैठक में इन नए पदकों के नाम पर मुहर लग गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेजी से शुरू हो गई हैं। दीक्षांत समारोह में इस बार मेधावी छात्रों के दिए जाने वाले पदकों में नौ नए पदक शामिल किए जाएंगे। छत्रपति शिवाजी मंडपम सभागार में दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां कुल 1000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसमें पदक धारक, शिक्षक, गणमान्य नागरिक, कर्मचारी आदि होंगे।
दीक्षांत समारोह में दी जाने वाली उपाधियों का विवरण अंकित करने के लिए एक पंजिका बनाई जाएगी, इसमें दीक्षांत समारोह में पाठ्यक्रमवार छात्रों को दिए जाने वाले उपाधियों को दर्ज किया जाएगा। पंजिका में कुलाधिपति भी हस्ताक्षर करेंगी। प्रभारी कुलपति की पहल पर इस बार दीक्षांत समारोह में नए पदक दिए जाने हैं। कोई व्यक्ति या संस्था अपने माता-पिता, शिक्षाविद (जिन्होंने समाज के विकास में अपना उत्कृष्ट योगदान दिया हो) आदि के नाम से कोई पदक देना चाहता है तो उन्हें इसके लिए एक प्रस्ताव विश्वविद्यालय को प्रस्तुत करना होगा।
नौ नए पदकों के लिए अनुमोदन
नए पदक शुरू करने के लिए पहले दो प्रस्ताव दिए गए थे, जो कि वित्त समिति में पास होने के बाद बैठक में रखे गए थे। सूत्रों के अनुसार नए पदक शुरू किए जाने पर चर्चा शुरू होने के दौरान सात और प्रस्ताव दे दिए गए। इनको बैठक में मंजूरी दे दी गई। दोपहर में सोशल मीडिया पर एक सूची वायरल हुई, उसमें सात नए पदकों के नाम थे। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से शाम को जो सूची जारी की गई, उसमें नौ नाम थे। दो के नाम पेन से लिखे थे, बाकी सभी टाइप थे।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर का कहना है कि कार्य परिषद की बैठक में नौ नए पदकों को मंजूरी दे दी गई है। 21 मार्च को शाम 05:00 बजे तक नए प्रस्ताव लिए जाएंगे। समिति की संयोजक प्रो. विनीता सिंह के पास इच्छुक लोग नए पदक का प्रस्ताव दे सकते हैं। जो नए प्रस्ताव आएंगे, उन्हें कार्य परिषद में रखा जाएगा। परीक्षण के बाद उनको मंजूरी दी जाएगी।
इन नए पदकों मंजूरी
नौ नए पदकों को कार्य परिषद की बैठक में मंजूरी दी गई। इसमें से छह प्रस्ताव विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ने दिए हैं। नए पदकों में डॉ. शांतिस्वरूप शर्मा व बृजलता शर्मा स्वर्ण पदक, डॉ. अजय कुमार शर्मा स्वर्ण पदक, ऐश्वर्या शर्मा स्वर्ण पदक, श्री निरंजन प्रसाद सारस्वत स्वर्ण पदक, प्रो. प्रतिमा अस्थाना स्वर्ण पदक, कुमारी काजल सिंह स्वर्ण पदक, श्रीमती सुमन गुप्ता स्वर्ण, श्री महंत उद्धवपुरी संस्कृताचार्य स्वर्ण पदक, प्रो. राजेश्वर प्रसाद स्वर्ण पदक हैं।
नए पदकों को क्रमश: लाइफ साइंस के प्रो. भूपेंद्र स्वरूप शर्मा, मृदु शर्मा, गणित विभाग के प्रो. संजीव शर्मा, आईईटी के निदेशक प्रो. वीके सारस्वत, इतिहास विभाग के प्रो. सुगम आनंद, कंप्यूटर साइंस के प्रो. मनु प्रताप, कंप्यूटर सेंटर के प्रो. अनिल गुप्ता, मन:कामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी, आईएसएसए प्रबंधन ट्रस्ट के अभिनय प्रसाद की ओर से प्रस्तावित किया गया।