आगरा सामूहिक दुष्कर्म कांड: आरोपी मोनू की तलाश में दिल्ली और हरियाणा में पुलिस का डेरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में झरना नाला के जंगल में पति के सामने पत्नी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी मोनू छह दिन बाद भी पुलिस के हाथ नहीं आ सका है। दिल्ली और हरियाणा में उसके भागने की आशंका पर पुलिस ने वहां डेरा डाल लिया है। हालांकि उसकी सही लोकेशन नहीं मिल पा रही है। उसके रिश्तेदारों से भी पुलिस ने पूछताछ की है।
एत्मादपुर क्षेत्र की विवाहिता से 29 मार्च की शाम को झरना नाला के जंगल में दुष्कर्म किया गया था। वह पति के साथ मायके जा रही थी। पुलिस ने नामजद आरोपी शाहदरा निवासी गौरीशंकर, उसके साथी योगेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। एक आरोपी मोनू छह दिन बाद भी हाथ नहीं आ सका है।
पुलिस ने पांच जिलों में आरोपी की तलाश की, लेकिन उसके बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही है। उसके दिल्ली और हरियाणा के किसी जिले में छिपे होने की आशंका है। इस पर पुलिस टीम वहां गई है। एसपी आरए सत्यजीत गुप्ता का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है।
राहगीरों के नंबर से परिचितों को किया कॉल
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोनू ने पिछले दिनों अपने रिश्तेदार और परिचितों से नए नंबर से कॉल करके बात की थी। इन नंबरों के बारे में पुलिस को पता चल गया। जिन नंबरों से कॉल किए गए थे, पुलिस ने उन नंबरों पर कॉल किया।
कॉल रिसीव करने वालों ने कहा कि एक युवक रास्ते में मिला था। अपने मोबाइल की बैटरी खत्म होने की बात कहकर मदद मांग रहा था। इस पर बात कराई थी। ऐसा उसने तीन-चार लोगों के साथ किया था। यह लोग हरियाणा और दिल्ली के ही रहने वाले थे। मोनू का अपना मोबाइल बंद जा रहा है।