फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   Agra murder case like drishyam movie: girl father killed young man murder case expose after 18 months

दृश्यम जैसा हत्याकांड: बेटी का नहाते में बनाया वीडियो...पिता ने युवक को मारकर जला दी लाश, 18 महीने बाद खुलासा

Tue, 16 Sep 2025 12:04 AM IST
अरुन पाराशर संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा Published by: अरुन पाराशर Updated Tue, 16 Sep 2025 12:04 AM IST
सार

उत्तर प्रदेश के आगरा में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। बाॅलीवुड की मूवी दृश्यम की तर्ज पर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। हत्याकांड का पुलिस ने 18 महीने बाद खुलासा किया है। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
 

विज्ञापन
Agra murder case like drishyam movie: girl father killed young man murder case expose after 18 months
Murder Demo - फोटो : Adobe Stock

विस्तार

दृश्यम फिल्म की कहानी जैसा हत्याकांड आगरा जिले के मलपुरा में सामने आया है। जिस तरह से अभिनेता अजय देवगन ने बेटी का वीडियो बनाने वाले के शव को ठिकाने लगाया था, उसी तरह एक पिता ने बेटी का नहाते हुए वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले की दुकान पर बुलाकर हत्या कर दी। शव को ड्रम में ले जाकर खेत में जला दिया। मृतक के मोबाइल खारी नदी में फेंक दिए। लाश मिलने पर भी परिजन ने शिनाख्त नहीं की। 6 महीने बाद कोर्ट के आदेश पर मुकदमा लिखा गया तो विवेचना हुई। डीएनए जांच रिपोर्ट में मृतक की पहचान होने पर पूरा मामला खुल गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन


मलपुरा निवासी 17 वर्षीय किशोर शादी समारोह में वीडियो बनाने का काम करता था। वर्ष 2023 में वह गांव में ही अपने रिश्तेदार हलवाई के घर गया था। हलवाई की 16 वर्षीय बेटी का नहाते हुए वीडियो बना लिया। 
विज्ञापन


 

इसके बाद उसे ब्लैकमेल करके अपने पास बुलाने लगा। आरोप है कि वह 50 हजार रुपये की मांग भी कर रहा था। किशोरी ने पिता को बताया। इस पर पिता ने उसे समझाने का प्रयास किया। एक बार मामला थाने तक पहुंचा। युवक ने गलती मान ली। समझाैता होने पर केस दर्ज नहीं हुआ।

 
विज्ञापन

18 फरवरी 2024 को किशोर ककुआ में शादी में वीडियो बनाने गया था। वहीं से लापता हो गया। परिजन ने काफी खोजबीन की। मगर वो मिला नहीं। जब बेटे की कहीं जानकारी नहीं हुई तो पिता ने 20 फरवरी 2024 को गुमशुदगी दर्ज करा दी। 

 
विज्ञापन

उधर, सैंया में खेत में अधजला शव बरामद हुआ। उसकी पहचान करने मलपुरा के किशोर के परिजन और राजस्थान के मनीराम आए। मनीराम ने अपने बेटे के रूप में पहचान कर ली। उधर, मलपुरा से लापता किशोर का पता नहीं चल सका। पिता ने पुलिस से शिकायत की। मगर, शव की पहचान नहीं करने की वजह से रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
 

फेसबुक मैसेंजर की चैट से मिला सुराग
इस पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इस पर 11 जून 2024 को हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। मृतक किशोर के पिता ने शक किशोरी के पिता पर ही जताया था। क्योंकि पूर्व मे मामला थाने तक पहुंचा था। इसमें कई और लोगों को नामजद किया था। मगर पुलिस के पास एेसा कोई सुराग नहीं था कि जिससे यह पता चल जाए कि उसने ही हत्या की। 

 

इस पर मृतक और आरोपी की काल डिटेल निकाली गई। दोनों लोकेशन 18 फरवरी की खारी नदी की आई। इतना ही नहीं आरोपी ने अपने एक भतीजे को फोन करके रात में बुलाया था। वहीं मृतक के घर से एक पैन ड्राइव बरामद की गई। इसमें फेसबुक मैसेंजर पर आरोपी और मृतक के बीच हुई चैट के फोटो थे। इसमें कई चैट में घटना वाले दिन किशोर को बुलाने के थे। इस पर पुलिस का शक बढ़ गया।

 

डीएनए जांच रिपोर्ट से खुल गया मामला
एसीपी सैंया डाॅ. सुकन्या शर्मा ने बताया कि इस मामले में एसएसआई इजहार अहमद ने विवेचना में अहम साक्ष्य जुटाए। खेत में मिली लाश के विसरा को जांच के लिए भेजा गया था। वहीं नवंबर 2024 में अपने बेटे की हत्या का मुकदमा दर्ज कराने वाले मां-पिता के डीएनए की जांच कराई। 

 

इसमें मां से मृतक का डीएनए का मिलान हो गया। हाल में आई रिपोर्ट में मृतक के लापता किशोर के रूप में पुष्टि हुई। इस पर पुलिस ने हलवाई को पकड़ लिया। उससे सख्ती से पूछताछ करने पर सारा सच सामने आ गया।

 

नदी में फेंके मोबाइल, ड्रम में ले जाकर जाया शव
एसीपी सैंया डाॅ. सुकन्या शर्मा के मुताबिक पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक ने उसकी नाबालिग बेटी के नहाते हुए फोटो-वीडियो बना लिए थे। वह उसे ब्लैकमेल करना चाह रहा था। समझाने पर भी नहीं माना। वह ककुआ पर हलवाई की दुकान चलाता था। फेसबुक मैंसेजर पर चैट के माध्यम से बेटी से मिलाने के बहाने उसे अपनी दुकान पर बुला लिया। 

 

अचानक पीछे से मफलर से गला घोंट दिया। वह जिंदा नहीं रह जाए, इसलिए लोहे के तार से भी गला दबाया। बाद में अपने भतीजे को बुलाया। उसे ड्रम मंगवाया। इसमें शव रख दिया। पहले दोनों उसके मोबाइल और बाइक को ले गए। खारी नदी में मोबाइल फेंक दिए। बाइक वहीं खड़ी कर दी। आरोपी अपने भतीजे नित्यकिशोर के साथ मिलकर लोडर में ड्रम को रखकर सुनसान स्थान पर सैंया क्षेत्र में ले गए। खेत में पेट्रोल डालकर जला दिया। बाद में अपनी मिठाई की दुकान को बंद कर दिल्ली चला गया था।

 

साउथ अफ्रीका जाने की कर रहा था तैयारी
पुलिस ने बताया कि आरोपी 5 साल पहले इस्राइल में शेफ की नाैकरी करके आया था। इससे उसके पास काफी पैसा था। आगरा आने के बाद दुकान खोल ली थी। हत्याकांड के बाद वह साउथ अफ्रीका जाने की तैयारी में लगा था। इसके लिए वीजा बनवा लिया था। इसकी जानकारी पुलिस को हो गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद उसका वीजा निरस्त करा दिया। आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त मफलर जला दिया था। मगर, तार पुलिस ने बरामद किया है।

ये भी पढ़ें-UP: पथरी के दर्द का इलाज कराने आई महिला को हुआ प्रसव...पति ने किया हंगामा, बोला- मैं एक साल से घर से बाहर हूं
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed