आगरा: तीन बच्चों समेत पांच और मरीजों में डेंगू की पुष्टि, देहात में वायरल फीवर ने दी दस्तक
आगरा में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पांच और मरीज मिलने से जिले में अब कुल 24 मरीज हो गए हैं। उधर, बाह क्षेत्र में वायरल फीवर ने दस्तक दे दी है। बाह सीएचसी पर बुखार से पीड़ित कई मरीज पहुंचे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा जिले में शनिवार को डेंगू के पांच और नए मरीज मिले हैं। इनमें तीन बच्चे और दो व्यस्क हैं। निजी लैब की रिपोर्ट में डेंगू मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की एलाइजा जांच में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। निजी अस्पतालों में इनका इलाज चल रहा है। अब आगरा में डेंगू के कुल मरीज 24 हो गए हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी आरके दीक्षित ने बताया कि 11 साल की बच्ची, शात्रीपुरम निवासी पांच साल की बच्ची और बोदला निवासी सात साल की बच्ची में डेंगू मिला है। परिजनों से पूछताछ में पता चला कि इनको तेज बुखार के साथ उल्टी हुई थी, पेट में दर्द भी बताया था। निजी अस्पताल में इलाज में चिकित्सक ने इनके लिवर पर सूजन भी बताई।
संबंधित खबर- सावधान: बच्चों के लिए खतरनाक है डेंगू का डेन-2 स्ट्रेन, दिमाग में सूजन, फेफड़ों में भर रहा पानी
दो मरीज व्यस्क हैं, जिसमें से 19 साल की युवती है, जो होली पब्लिक स्कूल के पास की रहने वाली है। ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी 50 साल अधेड़ में भी डेंगू मिला है। मूल रूप से यह बहराइच के रहने वाले हैं। इनके परिजनों की स्क्रीनिंग की है और एंटीलार्वा का छिड़काव भी कराया है। इन मरीजों के आसपास के पांच घरों में डेंगू का लार्वा मिला है, नोटिस देकर इनको सफाई के लिए निर्देशित किया है।
एसएन: डेंगू वार्ड में फिरोजाबाद के पांच संदिग्ध मरीज हुए भर्ती
एसएन मेडिकल कॉलेज में फिरोजाबाद के पांच और संदिग्ध मरीज डेंगू वार्ड में भर्ती हैं। इनमें से तीन बच्चे और दो व्यस्क हैं। अब वार्ड में 24 मरीजों का इलाज चल रहा है। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि मेडिसिन विभाग के वार्ड में 11 मरीज भर्ती हैं, इनमें से दो मरीज फिरोजाबाद से आए हैं।
दो मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज कर दिए हैं। बाल रोग विभाग के डेंगू वार्ड में 13 बच्चों का इलाज चल रहा है। इनमें फिरोजाबाद के नौ बच्चे हैं। इनमें से तीन में लिवर में सूजन मिली है, उल्टी भी हो रही है। दो बच्चों को डिस्चार्ज किया गया है। यह बच्चे भी फिरोजाबाद के हैं।
नीमडाडा गांव निवासी डेंगू मरीज सुषमा और आरती के ठीक होने पर बाह सीएचसी से छुट्टी कर दी गई। लेकिन अब क्षेत्र में वायरल फीवर के प्रकोप से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में तालाब में भरे गंदे पानी पर पनपे मच्छरों के प्रकोप से बीमारियां फैल रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत को सफाई का सुझाव दिया था। लेकिन अब तक सफाई नहीं कराई गई।
शिविर में 38 मरीजों की जांच, एक मिला बुखार पीड़ित
फतेहाबाद क्षेत्र के ग्राम बिहारी में स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को शिविर लगाकर 38 लोगों की जांच कर दवाएं दी। सीएचसी फतेहाबाद के अधीक्षक डॉ. एके सिंह ने बताया कि इस दौरान बुखार का एक और सर्दी-जुकाम के पांच मरीज मिले।