Agnipath Scheme: आगरा में 20 सितंबर से 10 अक्तूबर तक होगी अग्निवीरों की भर्ती, इन 12 जिलों के युवा हो सकेंगे शामिल
अग्निपथ योजना के तहत भारतीय थल सेना में अग्निवीरों की भर्ती के लिए भर्ती रैलियों की तिथियां घोषित कर दी गई है। आगरा में होने वाली भर्ती रैली में 12 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में सेना की मध्य कमान ने अग्निपथ योजना के तहत भारतीय थल सेना में अग्निवीरों की भर्ती के लिए भर्ती रैलियों की तिथियां घोषित कर दी हैं। मध्य कमान के अंतर्गत आने वाले उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में रैलियों का आयोजन अगस्त से शुरू होगा। आगरा में होने वाली भर्ती रैली में 12 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। सेना भर्ती दफ्तर ने रैली की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जल्द ही ऑनलाइन आवेदन सहित पूरी प्रक्रिया की जानकारी अभ्यर्थियों से साझा की जाएगी।
अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश में पहली बार आगरा सहित छह जगह होगी। सेना की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आगरा में भर्ती रैली 20 सितंबर से 10 अक्तूबर तक कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में होगी। रैली में आगरा, मथुरा, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, हाथरस, कासगंज के युवा प्रतिभाग करेंगे। भर्ती रैली में किस जनपद व तहसील के युवा किस दिन प्रतिभाग करेंगे, विस्तार से यह जानकारी जल्द ही सेना सार्वजनिक करेगी।
ऑनलाइन होगा आवेदन
सेना की ओर से बताया गया है कि भर्ती रैली में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन ही किया जा सकेगा। अलग-अलग पदों के लिए न्यूनतम अर्हताएं पूरी करने वालों को ही रैली के लिए कॉल लेटर जारी किए जाएंगे। कॉल लेटर भी ऑनलाइन होंगे और उन्हें डाउनलोड करना होगा।
वर्ष 2021 में भी आगरा में हुई थी भर्ती रैली
सेना ने वर्ष 2021 में फरवरी/मार्च में आगरा के आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में भर्ती रैली का आयोजन किया था। एक लाख से अधिक युवाओं ने रैली में शिरकत की थी। दौड़ और मेडिकल में पास हुए युवाओं को लिखित परीक्षा पास करके सेना में भर्ती होना था। लिखित परीक्षा नहीं हुई और अभ्यर्थी सेना में भर्ती होने से वंचित हो गए।