कासगंज। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थियों के साथ वर्चुअल संवाद किया। लाभार्थियों के खातों में ऑनलाइन धनराशि हस्तांतरित की गई। जिसमें जनपद कासगंज के 913 लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिये 67806100 रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में भेजी गई।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नगर पालिका परिषद कासगंज के सभागार में किया गया। सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत ने प्रधानमंत्री आवास योजना की सराहना की। जिलाध्यक्ष भाजपा केपी सिंह सोलंकी ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं। अपर जिलाधिकारी, परियोजना निदेशक डूडा अजय कुमार श्रीवास्तव, चेयरमैन जनी साहू की उपस्थिति में 100 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किये गये।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी डूडा विद्याशंकर पाल, इओ नगर पालिका परिषद कासगंज तथा अन्य अधिकारी, कर्मचारी रहे। इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद सोरों एवं गंजडुंडवारा में 100-100 एवं नगर पंचायत बिलराम, अमांपुर, मोहनपुर, सहावर, सिढ़पुरा, पटियाली एवं भरगैन में क्रमश: 50-50 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।