आगरा: समाज कल्याण विभाग के प्रशिक्षण केंद्र में मिली 12वीं के छात्र की लाश, जांच में जुटी पुलिस
छात्र यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता था। सुबह उसके पिता स्कूल छोड़कर गए थे। लेकिन उसने स्कूल में प्रवेश नहीं किया। गेट से ही लौट गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के खंदारी स्थित डॉक्टर बीआर आंबेडकर आईएएस-पीसीएस परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में बुधवार सुबह को एक छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। छात्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता था। प्रशिक्षण केंद्र के एक छात्र ने उसे पड़ा देखकर अधीक्षक को सूचना दी। छात्र स्कूल ड्रेस में था। इससे उसकी पहचान हुई।
गांधी नगर निवासी बीडी मिठास का 17 साल का बेटा ऋषभ मिठास 12वीं कक्षा में पढ़ता था। पिता ने बताया कि उनकी वजीरपुरा में जनरल स्टोर की दुकान है। बुधवार सुबह 9:45 बजे वह बेटे को स्कूल छोड़कर आये थे। वह अंदर चला गया। 11:30 बजे स्कूल से फोन आया कि बेटा पहुंचा नहीं है। इस पर वो उसकी तलाश करने लगे थे। 15 मिनट बाद फिर से स्कूल से फोन आया।
पिता ने लगाया यह आरोप
इस बार बताया कि वह घायल हो गया है। एसएन इमरजेंसी बुलाया। एसएन इमरजेंसी पहुंचने पर पता चला कि बेटे की मौत हो चुकी है। बेटे के साथ साजिश की गई है। उन्होंने जांच की मांग की। यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल की प्रिंसिपल अमिता शर्मा का कहना है कि ऋषभ ने स्कूल में प्रवेश ही नहीं किया। गेट से ही लौट गया। सीसीटीवी की फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है।
प्रिंसिपल अमिता शर्मा के अनुसार छात्र ऋषभ प्री बोर्ड के बाद से ही (करीब एक माह से) पढ़ने नहीं आ रहा था। वह पढ़ने में काफी अच्छा था। उसकी कभी किसी विद्यार्थी से लड़ाई भी नहीं हुई। विद्यार्थी के पिता ही उसे स्कूल पहुंचाते और घर ले जाते थे। ऋषभ का छोटा भाई ओमांश भी इसी स्कूल में 10वीं का छात्र है।
जांच में जुटी पुलिस
सीओ हरी पर्वत सत्यनारायण ने बताया कि प्रशिक्षण केंद्र के परिसर में छात्र की लाश मिली है। वह स्कूल आया था। इसके बाद प्रशिक्षण केंद्र के परिसर में कैसे पहुंचा? इसकी जांच की जा रही है। कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। उनको देखा जा रहा है। उसके दोस्तों से भी पूछताछ की गई है। परिजन जो भी तहरीर देंगे, उस आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।